मेरठ में पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष बोले-अभिनेत्री कंगना सच्ची देशभक्त, पूरा देश उनके साथ

मंगलवार को मेरठ पहुंचे राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष हीरा ठाकुर ने फिल्म अभिनेत्री कंगना रनोट को सच्चा देशभक्त बताया। साथ ही कहा कि पूरा देश उनके साथ है।

By Prem BhattEdited By: Publish:Tue, 15 Sep 2020 11:38 AM (IST) Updated:Tue, 15 Sep 2020 04:45 PM (IST)
मेरठ में पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष बोले-अभिनेत्री कंगना सच्ची देशभक्त, पूरा देश उनके साथ
मेरठ में पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष बोले-अभिनेत्री कंगना सच्ची देशभक्त, पूरा देश उनके साथ

मेरठ, जेएनएन। राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष हीरा ठाकुर ने फिल्म अभिनेत्री कंगना रनोट को सच्चा देशभक्त बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें देश से प्यार है। पूरा देश कंगना के साथ खड़ा है। उन्होंने सही मुद्दे को देश के सामने रखा है। इसलिए केंद्र सरकार ने उनको सुरक्षा प्रदान की है। हीरा ठाकुर मंगलवार को यहां सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उद्धव सरकार पर निशाना

उन्होंने कंगना को लेकर बातचीत में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर भी खूब निशाना साधा। कहा कि मुंबई भारत का अभिन्न अंग है, उद्धव की जागीर नहीं है। मुंबई को बनाने में देश के हर प्रांत के लोगों, उद्योगपतियों व फिल्मी दुनिया से जुड़े स्टार्स आदि का योगदान है। अकेले उद्धव व संजय राउत का नहीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महाराष्ट्र सरकार लोकतंत्र का गला घोट रही है। कंगना के खिलाफ भी बदले की भावना से कार्रवाई की गई है। उनके ऑफिस आदि को तोड़ा गया। मुंबई आने पर धमकी दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि शिवसेना सरकार क्या रिया का समर्थन करके गुंडों का समर्थन कर रही है।

महाराष्‍ट्र की कानून व्‍यवस्‍था पर तंज

यह मुद्दा अब आम जनमानस में जाना चाहिए। जबकि पूरा देश कंगना के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में साधुओं की हत्या, अब नौसैनिक के साथ हुई मारपीट जैसी घटनाओं से वहां की कानून व्यवस्था का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।  उन्होंने इस बात पर भी सहमति जताई उत्तर प्रदेश में कोरोना से लड़ाई लड़ने के बाद ही त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कराए जाएं।

बेहतर काम कर रही योगी सरकार

उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था को अव्वल बताया। कहा कि अपराध और अपराधियों पर अंकुश रखने की दिशा में उत्तर प्रदेश की योगी सरकार बेहतर काम कर रही है। बड़े अपराधियों की बेनामी संपत्ति का पता लगाकर सरकार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में मुख्तार अंसारी समेत अन्य के खिलाफ कार्रवाई की गई है।  उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उनके कार्यकाल में दुनिया में भारत सम्मान बढ़ा है। इससे पूर्व उपाध्यक्ष ने सर्किट हाउस में अधिकारियों की बैठक ली। इसके बाद वह सर्किट हाउस से रवाना हो गए।

chat bot
आपका साथी