पुलिस से छेड़छाड़ करने निकलता है लड़कियों का यह गैंग

-रात में लड़कों के वेश में साइकिल पर आता था गैंग, चार दबोचीं

By JagranEdited By: Publish:Sun, 27 May 2018 10:00 AM (IST) Updated:Sun, 27 May 2018 10:00 AM (IST)
पुलिस से छेड़छाड़ करने निकलता है लड़कियों का यह गैंग
पुलिस से छेड़छाड़ करने निकलता है लड़कियों का यह गैंग

मेरठ : शहर में लड़कियों का एक ऐसा गैंग भी सक्रिय है जो रात के अंधेरे में साइकिल पर सवार होकर निकलता है। मकसद चोरी-चकारी नहीं, बल्कि छेड़छाड़ होता है और वह भी पुलिस के साथ। जी हां, हो सकता है कि आप इस बात पर विश्वास न करें। लेकिन, हकीकत यही है। शनिवार देर रात गैंग की चार लड़कियां उस वक्त पुलिस के हत्थे चढ़ गईं, जब उन्होंने महिला थाने में बोतलों फेंककर मारीं और महिला पुलिसकर्मियों पर कमेंट कसे। हालांकि, उनके साथ मौजूद कुछ लड़के, लड़कियां फरार होने में कामयाब हो गए।

बीस दिनों से परेशान था महिला थाने का स्टाफ

महिला थाने का स्टाफ करीब 20 दिन से परेशान था। अंधेरा पसरते ही महिला थाने के दरवाजों पर ताला लटक जाता है। रात 11 से एक बजे के बीच थाने में अजीबो-गरीब हरकतें होतीं। कभी गेट पर खड़े होकर गाली-गलौज व अभद्र टिप्पणी की जाती तो कभी थाना परिसर में कांच की बोतलें फेंकी जातीं। पुलिस ने दो-तीन बार रेकी भी की, लेकिन कुछ समझ में नहीं आया।

रात में घेराबंदी कर चार नाबालिग लड़कियां दबोचीं

महिला थाना पुलिस आरोपितों की धरपकड़ के लिए ऐड़ी चोटी का जोर लगा रही थी। शनिवार रात को आखिरकार गैंग की चार लड़कियां महिला पुलिस के हत्थे चढ़ गईं। रात करीब 12 बजे साइकिल पर जैसे ही लड़कियां थाने के गेट पर पहुंची तो बोतलें फेंकनी शुरू की तो घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। हालांकि, बताया जा रहा है कि लड़कियों के साथ तीन लड़के भी थे। इनका कहना है--

नाबालिग लड़कियां स्थानीय निवासी हैं। ये लड़कों के कपड़े पहनकर रात में साइकिल पर निकलती हैं। महिला थाने का स्टाफ काफी दिनों से परेशान था। चार लड़कियां पकड़ी गई हैं। परिजनों को बुलाकर उनके सुपुर्द कर दिया जाएगा।

नेत्रपाल सिंह, कार्यवाहक थाना प्रभारी, महिला थाना

chat bot
आपका साथी