Fitness Mantra In Meerut: अगर कुछ नहीं कर सकते, तो बस सुबह पैदल ही चलिए
मेरठ में वरिष्ठ फिजिशयन हैं डा. तनुराज सिरोही। दिन भर मरीजों के बीच घिरे रहते हुए उनका इलाज करते हैं। दिन की इतनी अधिक व्यस्तता के बावजूद उन्होंने अपने दैनिकचर्या का व्यवस्थित किया है। सुबह साढ़े पांच बजे वह बिस्तर छोड़ देते हैं।
मेरठ, [विवेक राव]। Fitness Mantra अब जब ठंड शुरू हो गई है, तो गर्मागर्म बिस्तर को छोड़कर सुबह उठना बहुत से लोगों के लिए भारी पड़ता है। कुछ लोग चाहकर भी नहीं उठ पाते हैं। वहीं कुछ ऐसे लोग भी हैं जिन्हें मौसम कैसा है कोई फर्क नहीं पड़ता है। उन्होंने अपनी दिनचर्या को पूरी तरह से नियमित कर लिया है। आखिर यह सेहत का सवाल है। फिर इससे समझौता कैसा। चिकित्सक भी सुबह के टहलने का मर्म समझ चुके हैं, तभी तो वह मर्ज के साथ लोगों को भी सुबह की एक्साइज और योग, ध्यान लगाने के लिए कहते हैं। चिकित्सकों की माने तो अगर सुबह पैदल चलने का अभ्यास कर लिया जाए तो भी शरीर को चुस्त और दुरुस्त रखा जा सकता है।
पैदल चलते हैं डाक्टर तनुराज सिरोही
मेरठ में वरिष्ठ फिजिशयन हैं डा. तनुराज सिरोही। दिन भर मरीजों के बीच घिरे रहते हुए उनका इलाज करते हैं। दिन की इतनी अधिक व्यस्तता के बावजूद उन्होंने अपने दैनिकचर्या का व्यवस्थित किया है। सुबह साढ़े पांच बजे वह बिस्तर छोड़ देते हैं। फिर साढ़े छह बजे से व्यायाम करते हैं। इसमें करीब छह किलोमीटर वह पैदल भी चलते हैं। साथ ही 45 मिनट स्ट्रेचिंग और योग अभ्यास भी करते हैं। कोविड के समय बाहर जाना नहीं हुआ तो वह घर पर भी अभ्यास करते हैं।
लाभ ही लाभ है इस अभ्यास का
डा. सिरोही का मानना है कि सुबह शारीरिक अभ्यास से काफी लाभ मिलता है। दिन भर बगैर थकान के साथ 12 घंटे काम करने की शक्ति इससे मिलती है। अच्छी भूख भी लगती है। साथ ही इससे अच्छी नींद भी आती है। एक बात और वजन को हम इससे नियंत्रित भी कर सकते हैं।
आप भी आजमाइए
डा. सिरोही कहते हैं कि कोविड ने बता दिया कि सबसे पहले हमारा स्वास्थ्य है, फिर कुछ और। इसलिए हमें खुद को फिट और स्वस्थ रखने के लिए कुछ चीजें जरूर करनी चाहिए। इसे करने में कुछ खर्च भी नहीं होने वाला है। अगर इस पैटर्न को हमने अपने जीवन में अपना लिया तो महीने भर के अंदर ही फर्क आने नजर आने लगेगा।
- रात का खाना जितना जल्दी हो सके खाएं।
- रात में जल्दी सोने की कोशिश करें।
- रोजाना गुनगुने या सादा पानी का अधिक सेवन करें।
- हर रोज मध्यम व्यायाम और ध्यान भी करें।