गढ़ रोड पर बुलेट सवार बदमाश ने महिला से कुंडल लूटा

शहर में बेखौफ बाइक सवार बदमाश सरेराह वारदात कर रहे हैं लेकिन पुलिस उन तक

By JagranEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 06:15 AM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 06:15 AM (IST)
गढ़ रोड पर बुलेट सवार बदमाश ने महिला से कुंडल लूटा
गढ़ रोड पर बुलेट सवार बदमाश ने महिला से कुंडल लूटा

मेरठ,जेएनएन। शहर में बेखौफ बाइक सवार बदमाश सरेराह वारदात कर रहे हैं, लेकिन पुलिस उन तक नहीं पहुंच पाती। रविवार शाम ढलते ही गढ़ रोड पर बुलेट सवार बदमाश ने ई-रिक्शा सवार महिला का कुंडल लूट लिया। कुछ लोगों ने बदमाश का पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस जांच में जुट गई है। वहीं, पुलिसकर्मियों के रवैये से खफा पीड़िता ने सीएम पोर्टल पर शिकायत करने की बात कही है।

मेडिकल थाना क्षेत्र के जनता नगर निवासी पारुल शर्मा जगत हास्पिटल में रिसेप्शनिस्ट हैं। रविवार शाम वह काम खत्म कर बेटे के साथ ई-रिक्शा से घर जा रही थीं। जैसे ही वह होटल हारमनी के पास पहुंचीं, तभी बुलेट सवार बदमाश ने उनके कान पर झपट्टा मारकर कुंडल लूट लिया। उन्होंने तुरंत ही शोर मचा दिया। कुछ लोगों ने बदमाश का पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। बदमाश ने मुंह पर कपड़ा लपेटा हुआ था। पुलिसकर्मी भी पहुंच गए थे। उन्होंने आसपास तलाश किया, लेकिन कहीं पता नहीं चला। पीड़िता ने बताया कि उन्होंने तहरीर दे दी है। थाना प्रभारी प्रेमचंद शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

तीन साल में दूसरी वारदात

पारुल शर्मा ने बताया कि तीन साल पहले भी उनके साथ लूट की घटना हुई थी। आज तक लुटेरों के बारे में कुछ नहीं पता चला। रविवार को वारदात के बाद पहुंचे पुलिसकर्मी दो मिनट में ही लौट गए। बाइक की आवाज, बाइक का नंबर और तरह-तरह के सवाल कर रहे थे। उनका रवैया भी सही नहीं था। इसकी शिकायत वह सीएम पोर्टल पर करेंगी।

chat bot
आपका साथी