दो घरों में 15 लाख की चोरी, दो में प्रयास

By Edited By: Publish:Mon, 21 Jul 2014 01:25 AM (IST) Updated:Mon, 21 Jul 2014 01:25 AM (IST)
दो घरों में 15 लाख की चोरी, दो में प्रयास

मेरठ : सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शर्मा नगर में चोरों ने शनिवार रात जमकर कहर बरपाया। इलेक्ट्रॉनिक पार्ट व्यापारी के घर से करीब 30 तोले सोना, एक किलो चांदी व सामान समेत 12 लाख का माल समेट ले गए। मोहल्ले में दूसरे मकान से 20 हजार की नगदी व सामान ले गए। इतना ही नहीं, दो मकानों में चोरी का प्रयास किया गया। एक जगह जाग होने पर बदमाश भाग निकले।

शर्मा नगर मकान 86 में अशोक कुमार रहते हैं। उनका बेगमब्रिज रोड गंगा प्लाजा के पास फ्रिज, एसी समेत इलेक्ट्रॉनिक सामान के पा‌र्ट्स की दुकान है। शनिवार रात करीब 10 बजे अशोक परिवार के साथ कमरे में सो गए। सुबह दस बजे उन्होंने बंद कमरे को खोला तो स्टोर में सामान बिखरा पड़ा था। चोर स्टोर से लाखों रुपये का माल ले गए। छानबीन में पता चला कि चोर करीब 30 तोले सोने के जेवर, एक किलो चांदी व कीमती सामान ले गए। अशोक ने बताया कि चोर दीवार फांदकर अंदर आए थे। जिस कमरे में माल रखा रहता है, उसकी चाभी चैनल के पास रखी रहती है। चोरों ने चाभी उठाकर ताला खोल लिया और स्टोर से पूरा माल समेट दिया, जबकि अशोक पूरे परिवार के साथ अलग कमरे में सोते रहे। वहीं इसके अलावा चोरों ने मोहल्ले के राजेश के घर से 20 हजार रुपये व सामान चोरी कर लिया। चोरों ने अशोक के भाई पूर्व सभासद मनमोहन के घर में चोरी का प्रयास किया। उन्होंने सेफ के ताला तोड़ दिये, लेकिन कुछ ले जाने में कामयाब नहीं हो सके। वहीं बिट्टू सक्सेना के घर से चोरों ने सेफ का ताला तोड़ने का प्रयास किया। बिट्टू के शोर मचाने पर बदमाश भाग निकले। सुबह सूचना पर सीओ सिविल लाइन शिवराज सिंह, थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। मकान मालिकों से पूछताछ की। जांच-पड़ताल के लिए डॉग स्क्वायड व फिंगर प्रिंट टीम को भी बुलाया गया, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। थाने में तहरीर दी गई है।

युवती हुई बेहोश, परिवार का बुरा हाल

चोरी के बाद अशोक का परिवार सदमे में है। पत्नी, बेटे व बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। जीवन भर की कमाई जाने से गमजदा युवती बेहोश हो गई। काफी देर बाद उसे होश आया।

बाहरी युवकों पर शक

मकान मालिकों का कहना है कि उन्हें बाहरी युवकों पर शक है। काफी संख्या में युवक शर्मा नगर में रह रहे हैं। इससे पहले भी चोरी होती रही है। पुलिस को शक है कि अशोक के घर चोरी की घटना के पीछे किसी नजदीकी का हाथ हो सकता है, क्योंकि उसे घर के बारे में पूरी जानकारी थी। उसे कमरे की चाभी के बारे में भी पूरा पता था। इतना ही नहीं उसे जानकारी थी कि स्टोर में माल रखा हुआ है।

इनका कहना है..

किसी नजदीकी ने मुखबिरी की है। कुछ युवकों को शक के आधार पर उठाया गया है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा

शिवराज सिंह, सीओ सिविल लाइन

chat bot
आपका साथी