डायट, आरटीओ व होमगार्ड कार्यालय झील में तब्दील

जागरण संवाददाता मऊ मूसलधार बारिश की वजह से शहर के डायट आरटीओ होमगार्ड कार्या

By JagranEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 08:57 PM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 08:57 PM (IST)
डायट, आरटीओ व होमगार्ड कार्यालय झील में तब्दील
डायट, आरटीओ व होमगार्ड कार्यालय झील में तब्दील

जागरण संवाददाता, मऊ : मूसलधार बारिश की वजह से शहर के डायट, आरटीओ, होमगार्ड कार्यालय सहित बाल संप्रेक्षण गृह परदहां भी झील में तब्दील हो गया है। इसकी वजह से यहां पहुंचना मुश्किल हो गया है। डायट के प्राचार्य अपना आवास छोड़कर क्लास रूम में डेरा डाले हुए हैं। सोमवार को सुबह हुई मूसलधार बारिश ने कई कार्यालयों की और मुसीबत को बढ़ा दी। हालात यह है कि डायट कार्यालय पर पहुंचने के लिए महिलाओं को घुटने पर पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। प्राचार्य की तरफ से पंपिग सेट लगाकर पानी को निकालने का कार्य किया जा रहा है लेकिन पानी बढ़ता जा रहा है। डायट प्राचार्य हरी सिंह शाक्य ने बताया कि कार्यालय काफी नीचे बन गया है। इसकी वजह से बारिश का पानी मेन गेट पर लग गया है। प्रांगण भी पूरी तरह से भर गया है। चार दिन से स्थिति बिगड़ी हुई है।

सबसे बुरा हाल आरटीओ कार्यालय का है। यहां पूरा कार्यालय घुटने तक पानी में डूबा हुआ है। यही नहीं सड़क भी पानी में डूबी है। इसकी वजह से चार पहिया वाहन व दो पहिया वाहन भी जाने से कतरा रहे हैं। होमगार्ड कार्यालय के चारों तरफ का एरिया झील में तब्दील हो गया है। इसके चारों तरफ पानी लग गया है। सहायक कमाडेंट होमगार्ड गुलाब सिंह ने बताया कि कार्यालय में पहुंचने के लिए कोई रास्ता नहीं बचा है। किसी तरह कार्यालय में पहुंचा जा रहा है। तमाम होमगार्ड के जवान वहां पहुंच ही नहीं रहे हैं। इसकी वजह से कार्यालय का कार्य प्रभावित है।

chat bot
आपका साथी