हाईकमान के निर्देश पर गिरफ्तार आरोपित पर होगी कार्रवाई

जागरण संवाददाता मऊ मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली पुलिस द्वारा कन्या विद्याधन योजना के अंतर्गत 71.20

By JagranEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 08:43 PM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 08:43 PM (IST)
हाईकमान के निर्देश पर गिरफ्तार आरोपित पर होगी कार्रवाई
हाईकमान के निर्देश पर गिरफ्तार आरोपित पर होगी कार्रवाई

जागरण संवाददाता, मऊ : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली पुलिस द्वारा कन्या विद्याधन योजना के अंतर्गत 71.20 लाख रुपये गबन करने के मामले में गिरफ्तार आरोपित भाजपा मंडल उपाध्यक्ष संजीव राय की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। अब उनको पद से निकाले जाने का भी खतरा बढ़ गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता ने पूरे प्रकरण से हाईकमान से अवगत करा दिया है। हाईकमान के निर्देश पर भाजपा नेता के विरुद्ध आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा नेता पर पूर्व की सपा सरकार में 2012-2013 व 2013 व 2014 में कन्या विद्या धन का 71.20 लाख रुपये निकाले जाने के मामले में दोषी हैं। इस संबंध में बीते 28 नवंबर सन 2014 को तत्कालीन जिला विद्यालय निरीक्षक बृजेश कुमार ने 71 लाख 20 हजार रुपये को फर्जी तरीके से अधिकारियों व कर्मचारियों की मिलीभगत से चेक द्वारा खाते में डालकर भुना लिए जाने के मामले में सरायलखंसी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें 14 लोगों को नामजद किया गया था। मुकदमे की विवेचना के दौरान एसआई ने मुहम्मदाबाद गोहना निवासी खुर्रम का नाम निकाल दिया था। इसके बाद आरोपियों ने बेहद बारीकी से खेल खेलते हुए पूरे फाइल को भी ठंडे बस्ते में डलवा दिया था। किसी तरह मामला संज्ञान में आया तो न्यायालय ने भाजपा नेता संजीव राय व उनकी मां राजकुमारी देवी के विरुद्ध वारंट जारी किया था। इस आधार पर मुहम्मदाबाद गोहना पुलिस ने आरोपित भाजपा नेता को तो शुक्रवार को ही गिरफ्तार कर लिया है लेकिन अभी तक उनकी मां पुलिस की पकड़ से बाहर है। अन्य आरोपित भी फरार चल रहे हैं। अब संजीव राय के जेल में चले जाने की वजह से उनको पार्टी से निकाले जाने की सुगबुगाहट भी तेज हो गई है। इस संबंध में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता ने स्पष्ट कहा कि मामला पूरी तरह से संगीन है। मुहम्मदाबाद गोहना पुलिस से पूछे जाने पर बताया गया कि अभी तक राजकुमारी देवी का पता नहीं चल सका है। जल्द ही पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर लेगी।

chat bot
आपका साथी