1242 होमगार्ड जवानों की रंगीन होगी होली

जनपद के होमगार्डों को होली से पहले सरकार ने तोहफा दिया है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 27 Mar 2021 05:17 PM (IST) Updated:Sat, 27 Mar 2021 10:04 PM (IST)
1242 होमगार्ड जवानों की रंगीन होगी होली
1242 होमगार्ड जवानों की रंगीन होगी होली

जागरण संवाददाता, मऊ : जनपद के होमगार्डों को होली से पहले सरकार ने तोहफा दिया है। इसकी वजह से 1242 होमगार्ड जवानों की होली जहां रंगीन होगी वहीं उनके परिवार में खुशियां झलकेंगी। सभी होमगार्डों के खाते में करीब 12.42 करोड़ की धनराशि पहुंच चुकी है। इससे होमगार्ड जवानों में खुशी व्याप्त है।

जनपद में कुल 1030 होमगार्ड के जवान हैं। इसमें 30 महिला होमगार्ड भी शामिल हैं। इस समय 830 होमगार्ड ड्यूटी भी कर रहे हैं। होमगार्ड की ड्यूटी डीएम, एसपी कार्यालय, थाना, प्रशासनिक, न्यायिक अधिकारी, यातायात, फायर ब्रिगेड सहित करीब 66 स्थानों पर लगाई गई हैं। यही नहीं कभी कभार इन्हें पुलिस के साथ संवेदनशील स्थानों पर भी तैनात किया जाता है। यानी सुरक्षा व्यवस्था की पहली पंक्ति में यह नजर आते हैं। विभाग की मानें तो 06 दिसंबर 2016 में सरकार ने पुलिस के बराबर होमगार्ड जवानों का वेतन कर दिया था। ऐसे में यह लागू नहीं हो पाया था। इसे सरकार ने वर्ष 2019 में लागू किया था। इसके तहत 06 दिसंबर 2016 से 30 सितंबर 2019 तक कुल 34 माह तक का एरियर भुगतान करना था। एरियर के रूप में एक-एक होमगार्ड के हिस्से में करीब दो से डेढ़ लाख रुपये आ रहा है। अब होली से पहले सरकार ने होमगार्ड जवानों के एरियर के लिए बजट जारी कर दिया। इनके खाते में 19 माह की धनराशि भेज दी गई है। यानी होली से पहले सभी होमगार्ड जवानों के खाते में एक लाख से लेकर सवा लाख रुपये तक पहुंच चुके हैं। यही नहीं रिटायर्ड होमगार्डों को भी सरकार के इस कदम का लाभ मिला है। इससे होमगार्ड जवानों की होली खुशियों के बीच मनेगी।

-------------

प्रथम चरण में सरकार की तरफ से 19 माह का एरियर भेजा गया है। बजट आने के बाद अवशेष 15 माह का एरियर भी खाते में भेज दिया जाएगा। होली से पूर्व सरकार की तरफ से भेजी गई धनराशि होमगार्ड जवानों में नई ऊर्जा का संचार पैदा किया है।

--गुलाब सिंह, सहायक कमाडेंट होमगार्ड मऊ।

chat bot
आपका साथी