बाजारों में सुबह-शाम चहल-पहल, दोपहर में सन्नाटा

कोरोना संक्रमण से बचने को नहीं कर रहे शारीरिक दूरी का पालन गांव देहात में बेखौफ होकर घूम रहे ग्रामीण नहीं हो पा रही सख्ती

By JagranEdited By: Publish:Thu, 06 May 2021 06:54 AM (IST) Updated:Thu, 06 May 2021 06:54 AM (IST)
बाजारों में सुबह-शाम चहल-पहल, दोपहर में सन्नाटा
बाजारों में सुबह-शाम चहल-पहल, दोपहर में सन्नाटा

जागरण संवाददाता, मथुरा: कोरोना संक्रमण की कड़ी लगातार बढ़ रही हैं। इनको तोड़ने के लिए कोरोना क‌र्फ्यू की अवधि बढ़ाकर दस मई कर दी गई है। संक्रमण से बचाव के लिए मास्क और शारीरिक दूरी बनाए रखना आवश्यक है। लोग इसका पालन नहीं कर रहे हैं। बुधवार को बाजारों में सुबह-शाम चहल-पहल नजर आई तो दोपहर में पारा चढ़ने के बाद ही बाजारों में सन्नाटा छा गया। गांव देहात में लोग कोरोना क‌र्फ्यू का पालन नहीं कर रहे हैं।

बिना मास्क के घरों से निकलने और शारीरिक दूरी का पालन नहीं किए जाने के दुष्परिणाम सामने आ रहे हैं। कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है, लेकिन उसके बाद भी लोग सुरक्षा के उपाय किए बिना बाजारों में निकल रहे हैं। शारीरिक दूरी का पालन नहीं किया जा रहा है। सुबह-शाम लोगों की संख्या बाजार में अधिक नजर आ रही है। तापमान बढ़ने के साथ ही लोग घरों में रह रहे हैं। सुबह 11 बजे तक आवश्यक सेवाओं की दुकानों को खोलने के आदेश दिए हैं, लेकिन दोपहर तक दुकानें खोली जा रही हैं। दुकानदार शटर के नीचा करके अपना कारोबार करते नजर आ रहे हैं। पुलिस के टोकने पर बहानेबाजी की जा रही है। आटो और ई-रिक्शा क्षमता से अधिक सवारियां लेकर दिन भर सड़कों पर घूम रहे हैं। यहां तक खान-पान की सामग्री विक्रेता जो सड़कों पर ठेल-ढकेल लगाते थे, अब वह गलियों में लगाने लगे हैं। लोग भी बेपरवाह होकर खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। सुबह खुलने वाली दुकानों पर शारीरिक दूरी का पालन करके लोग सामान नहीं खरीद रहे हैं। दुकानदार भी उनको इसके लिए प्रेरित नहीं रहे हैं। कोरोना को लेकर पिछले बार जो जज्बा लोगों ने शारीरिक दूरी को लेकर दिखाया था, वह अब नजर नहीं आ रहा है। आवश्यक सेवा की दुकानों के आगे गोले तक नहीं बनाए गए हैं। यहां तक एटीएम के बाहर लोग एक गज से भी कम की दूरी पर खड़े नजर आ रहे हैं।

लाकडाउन में भी घूम रहे लोग

संस, वृंदावन: कोरोना संक्रमण पर काबू पाने को शासन व प्रशासन काबू पाने की कोशिश कर रहा है। लाकडाउन लगाया गया, लेकिन लोग इस व्यवस्था की भी धज्जियां उड़ा रहे हैं। लाकडाउन के दौरान भी लोग वाहनों से और पैदल बाजारों में घूम रहे हैं। ऐसे में कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ पाना बेहद मुश्किल होगा। बाजार में आने वाले लोगों में अधिकांश मास्क का इस्तेमाल भी नहीं कर रहे हैं और न ही शारीरिक दूरी का पालन कर रहे हैं। कोसी की बाजारों में भी नहीं थम रही भीड़

कोसीकलां: लाकडाउन के बाद भी कोसीकलां की बाजारों में लोगों की भीड़ नहीं थम रही है। सुबह बाजार खुलने पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। खास बात ये है कि शहर में लगातार कोरोना संक्रमण फैलने के बाद भी लोग सचेत नहीं हैं। न तो यहां शारीरिक दूरी का पालन किया जा रहा है और न ही लोग मास्क का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे हालात में संक्रमण और फैलने का खतरा बढ़ गया है।

chat bot
आपका साथी