क्रिसमस पर नहीं हुई सफाई, फिर भी हाजिर लगाई

महापौर ने पकड़ा रात की सफाई में आउट सोर्सिंग कर्मचारियों की ड्यूटी के नाम पर घपला

By JagranEdited By: Publish:Fri, 28 Dec 2018 12:05 AM (IST) Updated:Fri, 28 Dec 2018 12:05 AM (IST)
क्रिसमस पर नहीं हुई सफाई, फिर भी हाजिर लगाई
क्रिसमस पर नहीं हुई सफाई, फिर भी हाजिर लगाई

उमेश भारद्वाज, मथुरा: स्वच्छ सर्वेक्षण के नाम पर होली गेट चौराहा पर रात की सफाई में अफसरों का बड़ा खेल खुल गया। बिना ड्यूटी पर आए ही सफाई कर्मचारी मस्ट रोल में चढ़े मिले। महापौर डॉ. मुकेश आर्य बंधु ने गोलमाल पकड़ा तो माथा ठनक गया। मौके से नगर आयुक्त व संबंधित अधिकारी को फोन मिलाया पर किसी ने नहीं उठाया। इससे भरे चौराहे पर महापौर असहज हो उठे। उनका पारा चढ़ गया। अपने हाथ से मस्ट रोल पर हाजिरी काट दीं।

निगम क्षेत्र में लगे छह सौ से ज्यादा आउट सोर्सिंग कर्मचारियों के नाम पर बड़ा खेल चल रहा है। लाखों रुपये का बंदरबांट हो रहा है। महापौर डॉ. मुकेश आर्य बंधु को क्रिसमस पर रात में होली गेट चौराहा की सफाई नहीं होने की जानकारी मिली तो उन्होंने स्वयं मौके का निरीक्षण किया, बात सही निकली। वह बुधवार को रैन बसेरा के निरीक्षण को निकले। इससे अफसर सतर्क थे। रात 10 बजे जब महापौर होली गेट चौराहा पर पहुंचे तो सफाई कर्मचारी पहुंच रहे थे। उन्हें देख यकायक वर्दी पहनने लगे। आउट सोर्सिंग के माध्यम से यहां 21 कर्मचारी कार्यरत हैं जो रात 10 से सुबह दो बजे तक झाड़ू लगाते हैं।

महापौर ने सुपरवाइजर प्रेमचंद से जब मस्ट रोल मांगा तो वह अचकचा गया। सख्ती बरती तो मस्ट रोल दिखाया। जिसे देख महापौर का पारा चढ़ गया। कारण मस्ट रोल पर सभी कर्मचारियों की हाजिरी लगी हुई थी। सफाई न होने पर भी लगी हाजिरी की बाबत पूछा तो सुपरवाइर प्रेमचंद जवाब नहीं दे सका। इतना बताया कि चार-पांच ही कर्मचारी आए थे, इसलिए सफाई नहीं कराई गई। हालांकि बुधवार को भी करीब आठ कर्मचारी गैर हाजिर मिले। महापौर ने अपने सामने सबकी हाजिरी लगवाई। चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर केके शर्मा का फोन तो उठा पर वह ज्यादा जानकारी नहीं दे पाए। महापौर ने अपने हाथ से मस्ट रोल पर लगी हाजिरी पर गोला बनाकर उसे गैरहाजिर दर्शाया। इस दौरान महापौर ने होली गेट चौराहा पर जाली लगाने के निर्देश अधीनस्थों को दिए। -बिना सफाई के ही मस्ट रोल पर कर्मचारियों की हाजिरी लगी हुई मिली है। मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई कराई जाएगी।

डॉ. मुकेश आर्य बंधु, महापौर

chat bot
आपका साथी