पूर्वमंत्री अशोक यादव फंसे, मुकदमा

जागरण संवाददाता, मथुरा, वृंदावन: बसेरा ग्रुप के कर्मचारियों से मारपीट में पूर्व मंत्री अशोक यादव

By Edited By: Publish:Mon, 20 Feb 2017 12:00 AM (IST) Updated:Mon, 20 Feb 2017 12:00 AM (IST)
पूर्वमंत्री अशोक यादव फंसे, मुकदमा
पूर्वमंत्री अशोक यादव फंसे, मुकदमा

जागरण संवाददाता, मथुरा, वृंदावन: बसेरा ग्रुप के कर्मचारियों से मारपीट में पूर्व मंत्री अशोक यादव फंस गए हैं। ग्रुप के चेयरमैन रामकिशन अग्रवाल ने पूर्व मंत्री अशोक यादव, एक कथित साधु सहित करीब आठ-दस लोगों के खिलाफ चौथ वसूली, अपहरण की साजिश और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि कथित साधु के इशारे पर पूर्व मंत्री चौथ वसूली के इरादे से आए थे। उन्होंने अपने अपहरण की साजिश का दावा भी किया।

घटनाक्रम के मुताबिक शनिवार को अशोक यादव अपने बाउंसर्स के साथ बसेरा ग्रुप कार्यालय गए थे। रामकिशन अग्रवाल के न मिलने पर उनके बाउंसर्स ने ग्रुप के कर्मचारियों से मारपीट की थी। रविवार को रामकिशन ने कथित साधु वैराग्य स्वरूप ब्रह्मचारी पर चौथ वसूली का आरोप लगाया। उनका कहना है कि वह पहले भी कई बार उन्हें चौथ वसूली को लेकर धमकी दे चुका है। इसकी जानकारी मौखिक रूप से पुलिस को दी थी। आरोप है कि ब्रह्मचारी ने पूर्व मंत्री को उनका अपहरण कराने के इरादे से बुलाया था, लेकिन बेटी का ऑपरेशन होने के कारण वह दिल्ली में थे। पूर्व मंत्री ने ग्रुप के कर्मचारियों के साथ मारपीट की, इसकी फुटेज सीसीटीवी में कैद है। वहीं मामले पर पूर्व मंत्री अशोक यादव ने शनिवार को कहा था कि उन्होंने कोई मारपीट नहीं की। एक बाउंसर ने कर्मचारी को मारा था।

मेरे ऊपर किसी का कर्ज नहीं

पूर्व मंत्री अशोक यादव की ओर से उनके मित्र के ढाई सौ करोड़ रुपए उधार न देने के सवाल पर रामकिशन अग्रवाल का कहना है कि उनके ऊपर किसी का कर्ज नहीं है।

21 को लामबंद होंगे व्यापारी

रामकिशन ने बताया कि वारदात से व्यापारियों में आक्रोश है। मामले को लेकर 21 फरवरी को वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय व प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी वृंदावन में रणनीति तैयार करेंगे। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आंदोलन शुरू होगा। रामकिशन खुद परिषद के प्रदेश अध्यक्ष हैं।

ग्रुप में 25 फीसद का पार्टनर हूं: वैराग्य स्वरूप

चौथ वसूली के आरोपों को खारिज करते हुए वैराग्य स्वरूप ने कहा, मेरा मामले से कोई लेना-देना नहीं। पूर्व मंत्री मुझसे मुलाकात करने आए थे। मैं उनके साथ बांकेबिहारी के दर्शन करने के बाद अटल्ला चुंगी से बैंक चला गया। इसके बाद क्या हुआ, मुझे जानकारी नहीं। उन्होंने बताया कि वे बसेरा ग्रुप में 25 फीसद के शुरुआत से ही पार्टनर हैं। बीस साल की पार्टनरशिप में अभी तक रामकिशन अग्रवाल ने उन्हें डेढ़ करोड़ रुपया ही दिया है। कई बार मांगने के बावजूद बाकी रकम मुझे नहीं दी गई। घटना में उनकी कोई भूमिका नहीं है।

chat bot
आपका साथी