हर्ष फायरिग में चली गोली से दादी-नातिन घायल

घिरोर के गांव कोसमा हिनूद में बरात चढ़ने के दौरान हुआ हादसा महिला के पेट और बची के पैर में लगी गोली सैफई में भर्ती

By JagranEdited By: Publish:Fri, 27 Nov 2020 06:05 AM (IST) Updated:Fri, 27 Nov 2020 06:05 AM (IST)
हर्ष फायरिग में चली गोली से दादी-नातिन घायल
हर्ष फायरिग में चली गोली से दादी-नातिन घायल

संसू, घिरोर: कड़े कानून होने के बावजूद विवाह समारोह और अन्य खुशी के अवसरों पर हर्ष फायरिग रुक नहीं रही है। बुधवार रात घिरोर क्षेत्र के गांव कोसमा हिनूद में बरात चढ़ने के दौरान हर्ष फायरिग की गई, जिसमें बरात देख रही महिला और उसकी नातिन गोली लगने से घायल हो गई।

थाना घिरोर के गांव कोसमा हिनूद निवासी राजकुमार की पुत्री नीलम का विवाह इटावा के थाना भरथना क्षेत्र के स्थित गांव गुरहिया निवासी युवक के साथ तय हुआ था। बुधवार को देर शाम बरात गांव कोसमा हिनूद पहुंची। रात करीब डेढ़ बजे बरात चढ़ रही थी। तमाम बराती और घराती नाच रहे थे। इसी दौरान कुछ बरातियों ने तमंचों से फायरिग शुरू कर दी। इसी दौरान बरात देख रहीं गांव की कैलाशी देवी (45) पत्नी राजेंद्र और उनकी नातिन सोनाक्षी (6) गोली लगने से घायल हो गई। कैलाशी के पेट और सोनाक्षी के पैर में गोली लगी है। इसी के साथ ही शादी समारोह में अफरातफरी मच गई। हर्ष फायरिग कर रहे युवक फरार हो गए। परिवार के लोगों ने दोनों घायलों को सैफई पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घिरोर पुलिस मौके पर पहुंची और फायरिग करने वालों की जानकारी की। सही जानकारी न देने पर पुलिस ने एक दर्जन बरातियों को हिरासत में ले लिया।

थाने लाकर सभी बरातियों से पूछताछ की गई। बाद में पता चला कि बराती प्रदीप कुमार निवासी गांव गौरैया थाना भरथना इटावा ने फायरिग की है। इस पर पुलिस ने हिरासत में लिए गए अन्य बरातियों को छोड़ दिया। रिपोर्ट आरोपित के खिलाफ दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपित की तलाश में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी है। इंस्पेक्टर पहलवान सिंह ने बताया कि आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी