कार से टक्कर मार कर गवाह की हत्या, रिपोर्ट दर्ज

सात साल पहले पूर्व सैनिक पर हुआ था जानलेवा हमला सात गोलियां मारकर किया था घायल 29 सितंबर को होनी थी गवाही स्वजन बोले गवाही देने से रोक रहा था आरोपित पक्ष

By JagranEdited By: Publish:Sat, 25 Sep 2021 06:40 AM (IST) Updated:Sat, 25 Sep 2021 06:40 AM (IST)
कार से टक्कर मार कर गवाह की हत्या, रिपोर्ट दर्ज
कार से टक्कर मार कर गवाह की हत्या, रिपोर्ट दर्ज

जासं, मैनपुरी : जानलेवा हमला के गवाह पूर्व सैनिक की गुरुवार शाम कार की टक्कर लगने से मौत हो गई। स्वजन ने शव को एसपी कार्यालय के बाहर रखकर कार्रवाई की मांग की। पूर्व सैनिक की पत्नी ने टक्कर मारकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

कुर्रा के गांव फाजिलपुर निवासी पूर्व सैनिक रामवीर सिंह पर वर्ष 2014 में जानलेवा किया गया था। सात गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना की रिपोर्ट गांव के संतोष व अन्य के खिलाफ दर्ज कराई गई थी। इस मामले की सुनवाई दीवानी में चल रही है। 29 सितंबर को रामवीर सिंह की गवाही होनी थी। स्वजन के मुताबिक आरोपित पक्ष उन्हें गवाही से रोक रहा था। गुरुवार शाम वे पास के ही गांव गए थे। रात करीब नौ बजे अपने पुत्र शानू के साथ बाइक से वापस लौट रहे थे, तभी कार की टक्कर लगने से पिता-पुत्र घायल हो गए। जानकारी होने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।

स्वजन का आरोप है कि इस घटना को आरोपित संतोष के भाई पप्पू व उसके चार अज्ञात साथियों ने अंजाम दिया है। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे स्वजन शव को लेकर एसपी कार्यालय पहुंच गए और कुर्रा पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज न करने का आरोप लगाया। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्वजन को समझा बुझाकर करीब डेढ़ घंटे बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। घटना की रिपोर्ट रामवीर सिंह की पत्नी संतोष देवी ने पप्पू और उसके चार साथियों के खिलाफ दर्ज कराई है। एसओ कुर्रा सुदामा लाल ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी