गांव में हारेगी गंदगी, 'आकाश' सी हो सफाई

युवा आकाश ने झाड़ू उठा बदल दी गांव विनोदपुर की सूरत युवक मंगल दल को साथ लेकर करते हैं सफाई

By JagranEdited By: Publish:Wed, 03 Feb 2021 06:00 AM (IST) Updated:Wed, 03 Feb 2021 06:00 AM (IST)
गांव में हारेगी गंदगी, 'आकाश' सी हो सफाई
गांव में हारेगी गंदगी, 'आकाश' सी हो सफाई

जागरण संवाददाता, मैनपुरी:

तीन साल पहले तक जिस गांव में गंदगी फैली रहती थी वह आज सफाई की मिसाल बन गया है। महिलाएं अधिकारों के लेकर जागरूक हैं तो युवाओं ने पढ़ रखा है कर्तव्य का पाठ। यह सब 23 वर्ष के एक युवा के हौसले का परिणाम है। पीएम नरेंद्र मोदी के अभियान से प्रेरित होकर एक दिन उसने हाथ में झाड़ू उठाई और फिर गांव की तस्वीर बदल डाली। वे विवेकानंद अवार्ड भी हासिल कर चुके हैं।

बेवर बलाक के गांव विनोदपुर की गलियों की गंदगी से गुजरना 23 वर्षीय आकाश मिश्रा के लिए भी कोई नई बात नहीं थी। बचपन से ही गांव की गलियों को ऐसे ही गंदगी से भरा देखा था। पहले इस पर कोई ध्यान नहीं जाता था। मगर, तीन साल पहले पीएम नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान ने बीएससी के इस छात्र को प्रभावित किया। फिर क्या था,एक दिन वह झाड़ू लेकर गांव विनोदपुर की गलियों में उतर गए। आकाश बताते हैं कि गांव बड़ा और एक सफाईकर्मी होने से गंदगी रहती थी। पीएम मोदी को स्वच्छता के लिए जुटता देख मन में गांव के लिए ख्याल आया। बाबा मुन्ना लाल मिश्रा से मन की बात बताई। उनकी प्रेरणा से वह झाड़ू लेकर सफाई में जुट गए। शुरू में वह अकेले थे, लेकिन जल्द ही गांव के साथी सचिन मिश्रा, विवेक कुमार, दीपेंद्र मिश्रा, रोहित और रजत भी जुड़ गए। बस, फिर क्या था। युवा मंगल दल के नाम से टीम बन गई। स्वच्छ गांव बना हकीकत:

आकाश के अभियान ने पूरे गांव को प्रेरित किया है। उनसे प्रभावित पूर्व प्रधान ने गांव में 11 कूड़ेदान बनवाए हैं। ग्रामीण अब इनका इस्तेमाल करते हैं। कूड़ेदान में जमा गंदगी को सफाई कर्मी ले जाता है। महिलाओं को पढ़ा रहे पाठ:

सफाई में सफलता मिलने के बाद उत्साहित आकाश यहीं नहीं रुके। उन्होंने अपने लिए एक नया आसमान खोज लिया। अब वह बाबा की प्रेरणा से गांव की महिलाओं को सुरक्षा और अधिकारों का पाठ पढ़ाते हैं। गांव में खेलों को बढ़ावा देने के लिए आकाश ने वालीबाल की टीम भी बनाई है। खुद खेलने के साथ दूसरे युवाओं को भी प्रोत्साहित करते हैं। दो साल में रौपे एक हजार पौधे:

गांव विनोदपुर में हरियाली भी खूब है। इसके पीछे भी आकाश और साथियों का समर्पण है। तीन साल पहले इन युवाओं ने पौधारोपण की भी शुरूआत की। अब तक एक हजार पौधे लगाए गए हैं। यह काम वह आपस में धन जुटाकर करते हैं।

-

मिला विवेकानंद अवार्ड:

सामाजिक गतिविधियों के साथ अधिकार दिलाने में जुटे आकाश का मंगल दल 2018 में जिले में अव्वल आया। तत्कालीन युवा कल्याण मंत्री गिरीश यादव ने लखनऊ में उन्हें विवेकानंद अवार्ड से सम्मानित किया था।

-

'तीन साल पहले आकाश ने गांव में स्वच्छता का आगाज किया था। उनकी टीम के प्रयास से गांव की गलियां साफ रहती हैं। कूड़ेदान का इस्तेमाल होने लगा है।

- अरूणेश मिश्रा, पूर्व प्रधान

-

गांव सफाई के मामले में दूसरे गांवों के लिए नजीर बना है। यहां आने वाले सफाई को देखकर खुश भी होते हैं। आकाश की टीम का प्रयास आज साकार हो चुका है। - प्रधान चंद शाक्य, ग्रामीण

chat bot
आपका साथी