Maharajganj News: पति से परेशान सकीना ने एक साल पहले छोड़ा घर, हिंदू धर्म में शादी कर बन गई प्रिया

महराजगंज पुलिस के आपरेशन तलाश में एक साल पहले गुमशुदा हुई सकीना प्रिया बनकर बरामद हुई है। उसने बताया कि पति की प्रताड़ना से परेशान होकर घर छोड़ा था। अब वह धर्म परिवर्तन कर हिंदू युवक से शादी करके खुश है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 29 Sep 2022 03:33 PM (IST) Updated:Thu, 29 Sep 2022 03:33 PM (IST)
Maharajganj News: पति से परेशान सकीना ने एक साल पहले छोड़ा घर, हिंदू धर्म में शादी कर बन गई प्रिया
मुस्लिम महिला ने धर्म परिवर्तन कर हिंदू युवक से किया विवाह। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

महराजगंज, जागरण संवाददाता। पिछले 10 वर्षों से अपहृत और गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे पुलिस के आपरेशन तलाश में नित नए पर्दाफाश और नई कहानियां मिल रहीं हैं। इसी क्रम में सोनौली कस्बे से एक वर्ष पूर्व गायब हुई मुस्लिम महिला सकीना हिंदू बनकर प्रिया के रूप में बरामद हुई है।

यह है पूरा मामला

पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि पुलिस द्वारा पिछले 10 वर्षों में अपहृत और गुमशुदा हुए लोगों को खोजने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसमें पुलिस टीम ने सर्वप्रथम सभी मुकदमों और गुमशुदगी दर्ज कराने वालों से संपर्क कर अपहृत और गुमशुदा व्यक्तियों की फोटो और डिटेल्स एकत्र किया गया। फिर विभिन्न माध्यमों से उनकी खोजबीन शुरू की गई। इसमें पिछले 10 वर्षों में कुल 130 ऐसे लोग थे, जिनका कोई पता नहीं लग सका था।

38 लोगों की हो चुकी है बरामदगी

अभियान शुरू होने के बाद अबतक आपरेशन तलाश टीम ने 38 लोगों को बरामद कर लिया है। इसी में सोनौली कस्बे से एक वर्ष पूर्व गायब हुई सकीना को भी पुलिस ने ढूंढ लिया है, जो सोनौली कस्बा स्थित अपने ससुराल से 33 किमी दूर दूसरे पति के साथ हिंदू बनकर रह रही थी।

पहले पति के प्रताड़ना से आजिज आकर छोड़ा घर

महिला ने बताया कि उसका पहला पति बहुत प्रताड़ित करता था, जिससे आजिज होकर वह उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद उसने हिंदू युवक से शादी कर उसके साथ रहने लगी। वह हिंदू धर्म अपनाकर खुश है। एसपी ने कहा कि महिला के बरामद होने के बाद थाने में दर्ज गुमशुदगी के मामले में आवश्यक रिपोर्ट लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

अन्य गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश में जुटी पुलिस

गुमशुदगी मामले में गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी के बाद संबंधित गुमशुदगी समाप्त कर दी जाती है। 130 में से अब तक 38 लोगों की बरामदगी हो चुकी है। शेष लोगों की भी खोजबीन की जा रही है। सकीना के नाम से दर्ज गुमशुदगी को उसके मिलने के बाद समाप्त कर दिया गया है।

chat bot
आपका साथी