Video: बाराबंकी में मह‍िला ने BJP मंडल अध्यक्ष को सरेराह पीटा-वीडियो वायरल, जान‍िए क्‍या है पूरा मामला

पीड़िता ने लगाया नौकरी के लिए रुपये लेने का आरोप। वायरल हुई वीडियो बचाव में मंडल अध्यक्ष ने भी जारी किया बयान। वहीं मंडल अध्यक्ष का कहना है कि पैसा उधार लिया था जो वापस कर दिया है।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Thu, 02 Sep 2021 07:07 PM (IST) Updated:Fri, 03 Sep 2021 12:10 PM (IST)
Video: बाराबंकी में मह‍िला ने BJP मंडल अध्यक्ष को सरेराह पीटा-वीडियो वायरल, जान‍िए क्‍या है पूरा मामला
बाराबंकी में भाजपा मंडल अध्यक्ष से रुपये के विवाद में हाथापाई।

बाराबंकी, संवाद सूत्र। बेटे की नौकरी के लिए दिए गए रुपये मांगने को लेकर एक महिला की भाजपा मंडल अध्यक्ष से कहासुनी हो गई। इसके बाद पीड़ित महिला ने हाईवे पर उनसे हाथापाई भी की। किसी तरह मंडल अध्यक्ष बचते हुए मौके से भाग निकले। इस प्रकरण का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें भाजपा मंडल अध्यक्ष से महिला उलझते व पिटाई करते दिख रही है। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी तो अपना पक्ष रखने के लिए मंडल अध्यक्ष ने भी अपने बयान का वीडियो वायरल करते हुए विपक्षियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी है।

लोनीकटरा थाना के ग्राम रुकनापुर की पियारा पत्नी रामखेलावन का आरोप है कि करीब दो वर्ष पहले अपने पुत्र मुकेश कुमार को एक स्कूल में नौकरी दिलाने के नाम पर उन्होंने भाजपा मंडल अध्यक्ष उत्तम वर्मा को 1.75 लाख रुपये दिए थे। नौकरी न मिलने पर पैसा मांगा तो दो चेक दिए, लेकिन खाते में पैसा नहीं था। एक सितंबर को वह पैसे मांगने गई, जहां भाजपा मंडल अध्यक्ष ने भिलवल चौराहे पर जाति सूचक गालियां दी और धमकी देते हुए पीटा। हालांकि, वायरल वीडियो में महिला आक्रामक होते दिख रही है।

बाराबंकी के भाजपा नेता जी हैं, पैसा झटक लिए..अब महिला कितने दिन बर्दाश्त करेगी?@JagranNews @dainikjagranlko pic.twitter.com/ALYGJlIe31

— Pawan Tiwari🇮🇳 🇮🇳 (@pawan_pawant) September 2, 2021

उधर, मंडल अध्यक्ष ने भी अपने बयान का वीडियो वायरल किया है। इसमें उनका कहना है कि एक सितंबर को वह हैदरगढ़ जा रहे थे। भिलवल चौराहे पर मस्जिद के पास पहले से खड़े रुकनापुर के मुकेश, पियारा व अतुल रावत व एक अज्ञात व्यक्ति ने रोका और गमछा कसकर जान से मारने की कोशिश की। किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला। यह साजिश के तहत उनके साथ वारदात हुई है उनको व उनके परिवार को जान का खतरा है। मंडल अध्यक्ष ने भी थाने में शिकायत की है। मंडल अध्यक्ष का कहना है कि पैसा उधार लिया था जो वापस कर दिया है। थानाध्यक्ष लोनीकटरा दुर्गा प्रसाद शुक्ला का कहना है कि लेनदेन का मामला है। दोनों पक्षों की तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई होगी।

chat bot
आपका साथी