यूपी चुनाव 2022: भाजपा के तीन विधायकों की सीट पर लड़ेंगे अपना दल (एस) के प्रत्याशी, लिस्ट की गई जारी

UP Apna Dal (S) Candidate List 2022 उत्तर प्रदेश में भाजपा की सहयोगी अपना दल (एस) ने तीन और उम्मीदवारों की घोषणा की है। अपना दल (एस) के प्रदेश प्रवक्ता राजेश पटेल ने बताया कि कानपुर नगर फर्रुखाबाद और बहराइच की विधानसभा उम्मीदवार उतारे गए हैं।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Thu, 27 Jan 2022 01:00 PM (IST) Updated:Fri, 28 Jan 2022 07:39 AM (IST)
यूपी चुनाव 2022: भाजपा के तीन विधायकों की सीट पर लड़ेंगे अपना दल (एस) के प्रत्याशी, लिस्ट की गई जारी
UP Apna Dal (S) Candidate List 2022: अपना दल (एस) ने अपने प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी की है।

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव का ऐलान हो चुका है। तमाम राजनीतिक पार्टियों ने अपने प्रत्याशी घोषित करना भी शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी की सहयोगी पार्टी अपना दल (एस) ने गुरुवार को अपने प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी की है। भाजपा ने गठबंधन के साथी अपना दल (एस) को भरपूर तवज्जो देते हुए ऐसी सीटें दी हैं, जहां पिछले चुनाव में भाजपा को जीत मिली। तीन वर्तमान विधायक उपेंद्र पासवान, अमर सिंह खटीक और माधुरी वर्मा के स्थान पर गठबंधन प्रत्याशी के रूप में अपना दल ने सरोज कुरील, डा. सुरभि और रामनिवास वर्मा को टिकट थमाया है।

भाजपा और अपना दल (एस) का इस चुनाव में भी गठबंधन है। भाजपा अब तक 203 प्रत्याशी घोषित कर चुकी है, वहीं अपना दल को क्षेत्रीय-जातीय समीकरण देखते हुए सीटें दी जा रही हैं। दल ने अभी तक रामपुर की स्वार सीट से हैदर अली खान को उम्मीदवार बनाया था। गुरुवार को तीन और प्रत्याशी घोषित कर दिए गए। कानपुर नगर के घाटमपुर विधानसभा क्षेत्र से सरोज कुरील, फर्रुखाबाद की कायमगंज सीट से डा. सुरभि और बहराइच के नानपारा विधानसभा क्षेत्र से रामनिवास वर्मा को टिकट दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि इनमें से घाटमपुर सीट पर मौजूदा विधायक भाजपा के उपेंद्र पासवान हैं, जो कमलरानी वरुण के निधन के बाद उपचुनाव में जीते थे। कायमगंज विधायक अमर सिंह खटीक की उम्र करीब 75 वर्ष हो चुकी है, इसलिए वहां प्रत्याशी बदला है। वहीं, नानपारा विधायक माधुरी वर्मा भाजपा छोड़कर सपा में शामिल हो चुकी हैं, इसलिए उनके स्थान पर अपना दल प्रत्याशी को उतारा गया है। इससे पहले अपना दल (एस) ने रामपुर की स्वार सीट से हैदर अली खान को प्रत्याशी बनाया है। हैदर अली खान सपा नेता और पूर्व मंत्री आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम के खिलाफ एनडीए गठबंधन के प्रत्याशी हैं। 

बता दें कि भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में अनुप्रिया पटेल की पार्टी अपना दल (एस) और संजय निषाद की पार्टी निषाद पार्टी से गठबंधन किया है। तीनों पार्टियों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बात हो चुकी है। अपना दल (एस) राष्ट्री अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में अपना दल (एस) ने भाजपा के साथ गठबंधन में 11 सीटों पर चुनाव लड़ा था और नौ सीटों पर जीत हासिल की। वहीं, अनुप्रिया पटेल के पति आशीष पटेल एमएलसी हैं।

Koo App

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 हेतु अपना दल(एस) के अधिकारिक प्रत्याशियों की द्वितीय सूची

View attached media content

- Apna Dal-S (@apnadalofficial) 27 Jan 2022

बता दें कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2022 की तारीखों का ऐलान हो चुका है। उत्तर प्रदेश में कुल 403 सीटों पर सात चरणों में मतदान होना है। पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को होगा। पहले चरण की शुरुआत पश्चिम यूपी से हो रही है। दूसरे चरण का मतदान 14 फरवरी, तीसरे चरण का मतदान 20 फरवरी, चौथे चरण का मतदान 23 फरवरी, पांचवें चरण का मतदान 27 फरवरी, छठे चरण का मतदान 3 मार्च और सातवें व आखिरी चरण का मतदान 7 मार्च को होगा। वोटों की गिनती 10 मार्च को होगी।

chat bot
आपका साथी