लखनऊ : विधायक के सामने समर्थकों ने निगोहां टोल प्लाजा के कर्मचारियों को पीटा, वीड‍ियो वायरल

रायबरेली के बछरावां से विधायक हैं रामनरेश रावत घटना सीसी फुटेज में कैद। कर्मचारियों का आरोप विधायक ने 250 गाड़ियों का टोल निशुल्क करने के लिए लिखा था पत्र । बताया यह भी जा रहा है कि जब घटना हुई तो निगोहां थाने की पुलिस मूकदर्शक ही बनी रही।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Sun, 29 Nov 2020 05:28 PM (IST) Updated:Mon, 30 Nov 2020 06:14 AM (IST)
लखनऊ : विधायक के सामने समर्थकों ने निगोहां टोल प्लाजा के कर्मचारियों को पीटा, वीड‍ियो वायरल
खबर लिखे जाने तक टोल की तरफ से निगोहां थाने पर लिखित शिकायत दी गयी है।

लखनऊ, जेएनएन। रायबरेली से बछरावां के विधायक राम नरेश रावत के समर्थकों ने निगोहां टोल प्लाजा पर रविवार को जमकर हंगामा किया। समर्थकों ने विधायक की उपस्थिति में टोल प्लाजा के कर्मचारियों की पिटाई कर दी। पूरा घटनाक्रम टोल प्लाजा पर लगे सीसी कैमरे में कैद हो गया। रविवार शाम को सोशल मीडिया पर विधायक व उनके समर्थकों की फुटेज वायरल हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और दोनों पक्षों को निगोहा थाने पर बुलाया गया। 

टोल प्लाजा के कर्मचारियों का आरोप है कि विधायक की तरफ से 250 गाड़ियों की सूची भेजी गई थी। विधायक ने सभी वाहनों का टोल माफ करने की मांग की थी। टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने विधायक की इस मांग को अस्वीकार कर दिया। इस बात की जानकारी मिलने पर विधायक समर्थकों के साथ टोल प्लाजा पर पहुंचे। टोल मैनेजर धीरज श्रीवास्तव के मुताबिक विधायक रामनरेश रावत ने अपने लेटर पैड पर ढाई सौ गाड़ियों की निशुल्क आवागमन की सूची टोल प्रशासन को सौपी थी। टोल नियमावली में ऐसा कोई नियम नहीं है कि एक विधायक के लिए 250 गाड़ियों का आवागमन निशुल्क कर दिया जाए। इसी मुद्दे पर बातचीत के दौरान विधायक नाराज हो गए। आरोप है कि विधायक ने टोल कर्मचारियों को धमकी दी जिसके बाद उनके समर्थक आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते विधायक समर्थकों ने टोल प्लाजा के कर्मचारियों की पिटाई कर दी। शोरगुल सुनकर टोल प्लाजा के अन्य कर्मचारी वहां पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। 

टोल प्लाजा पर मौजूद थी निगोहा पुलिस

बताया जा रहा है कि जिस समय विधायक समर्थक टोल प्लाजा के कर्मचारियों से मारपीट कर रहे थे, उस दौरान निगोहा पुलिस वहां मौजूद थी। हालांकि पुलिस मूकदर्शक बनी रही। देर शाम को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद निगोहा पुलिस ने टोल प्लाजा के कर्मचारियों से संपर्क किया। पुलिस के मुताबिक पीड़ित कर्मचारियों की तहरीर के आधार पर एफआइआर दर्ज कर छानबीन की जाएगी। 

निगोहा टोल प्लाजा पर विधायक समर्थकों द्वारा वहां के कर्मियों की पिटाई के बाद ये मामला स्थानीय थाने में भी पहुंचा। कस्बे के युवक ने टोल मैनेजर और उनके साथियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। स्थानीय राहुल भारती ने बताया कि शनिवार को वह अपने साथियों के साथ टोल पर बढ़े लोकल शुल्क को लेकर वहां के मैनेजर धीरज श्रीवास्तव से मिलने गया था। इसी दरमियान उसकी धीरज से कहासुनी हो गई थी। रविवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे वह अपने साथी राजकुमार गुप्ता उर्फ भल्लू के साथ बाइक से सुदौली गांव जा रहा था, तभी टोल कर्मियों ने दोनों के साथ मारपीट की। जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक राम नरेश रावत वहां पहुंचे और टोल कर्मियों से पूछताछ करने लगे। विधायक के सामने भी टोल कर्मी अभद्र व्यवहार कर रहे थे, जिसके बाद धक्का मुक्की हुई थी। बछरावां एसओ राकेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

विधायक बोले  

टोल के नाम पर लोकल यात्रियों के साथ अवैध वसूली की जा रही है। टोल कर्मियों ने बछरावां के दो युवकों को पीट दिया था, उसी बारे में बात करने के लिए मैं वहां गया था। टोल मैनेजर ने गलत तरीके से बात की, जिस पर वहां मौजूद लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई। धक्का-मुक्की हुई है। मारपीट की बात सामने नहीं आई है।  - राम नरेश रावत, विधायक बछरावां

chat bot
आपका साथी