विवेक तिवारी हत्याकांड: आरोपितों का बयान दर्ज, बोले- हत्या करने का नहीं था इरादा

तीन घंटे तक दर्ज हुए बयान में विवेचक ने 28/29 सितंबर की रात हुई घटना की विस्तृत जानकारी ली है।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Fri, 05 Oct 2018 08:21 PM (IST) Updated:Fri, 05 Oct 2018 08:51 PM (IST)
विवेक तिवारी हत्याकांड: आरोपितों का बयान दर्ज, बोले- हत्या करने का नहीं था इरादा
विवेक तिवारी हत्याकांड: आरोपितों का बयान दर्ज, बोले- हत्या करने का नहीं था इरादा

लखनऊ(जेएनएन)। विवेक तिवारी हत्याकांड मामले में शुक्रवार को आरोपित प्रशांत चौधरी और संदीप के बयान दर्ज किए गए। सूत्रों के मुताबिक, आरोपितों ने बयान में हत्याकांड को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। प्रशांत ने कहा है कि उसका इरादा हत्या करने का नहीं था। मामले की विवेचना कर रहे इंस्पेक्टर महानगर विकास कुमार पांडेय ने गोसाईगंज जेल में आरोपितों का स्‍टेटमेंट लिया।

बताया जा रहा है कि करीब तीन घंटे तक दर्ज हुए बयान में विवेचक ने 28/29 सितंबर की रात हुई घटना की विस्तृत जानकारी ली है। आरोपित प्रशांत से पूछा गया कि आखिर ऐसी क्या परिस्थिति बन गई कि उसे गोली चलानी पड़ी। प्रशांत ने कहा है कि उसने विवेक को कार से बाहर निकलने के लिए बोला था, लेकिन उन्होंने मेरी बात नहीं मानी। विवेक ने कई बार बाइक में टक्कर मारी। यह देख उसने डराने के लिए पिस्टल निकालकर तान दिया था। इस बीच दुर्भाग्य से गोली चल गई। प्रशांत के इस बयान ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोपित ने 29 सितंबर को गोमतीनगर थाने में मीडिया को बयान दिया था कि उसने आत्मरक्षा में गोली चलाई थी। हालांकि अब वह बयान से पलट गया और विवेचक को उसने दूसरी बात कही।

गौरतलब है कि एसआइटी ने गुरुवार को दोनों आरोपितों से जेल में पूछताछ की थी। उधर, वारदात की चश्मदीद सना खान ने गुरुवार को कोर्ट में बयान दर्ज कराया, जिसका विवेचक ने शुक्रवार को अवलोकन किया।

गलत होते तो भाग जाते

आरोपितों ने बयान में कहा कि उसने जान-बूझकर ऐसा किया होता तो वह भाग गए होते। घटना के बाद उन लोगों ने खुद गोमतीनगर थाने में नाइट अफसर को सूचना देकर मौके पर पुलिस बुलाई थी। उनका इरादा हत्या का नहीं था। आरोपितों ने बताया है कि वह पहले से विवेक या सना को नहीं जानते थे। उनका दोनों से कोई पुराना विवाद भी नहीं था।

chat bot
आपका साथी