राफेल प्रकरण के लिए देश और सेना से माफी मांगें राहुल गांधी: योगी

राफेल सौदे पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद भाजपा सरकार और संगठन ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोल दिया है।

By Nawal MishraEdited By: Publish:Fri, 14 Dec 2018 06:18 PM (IST) Updated:Fri, 14 Dec 2018 08:29 PM (IST)
राफेल प्रकरण के लिए देश और सेना से माफी मांगें राहुल गांधी: योगी
राफेल प्रकरण के लिए देश और सेना से माफी मांगें राहुल गांधी: योगी

जेएनएन, लखनऊ। राफेल सौदे पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद भाजपा सरकार और संगठन ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोल दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि इस देश की सुरक्षा के मसले पर कांग्रेस ने झूठ बोलकर शरारतपूर्ण षड्यंत्र किया है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इसके लिए देश की जनता और सेना से माफी मांगें। शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने गहराई से छानबीन कर इस मामले के सभी पक्षों को साफ कर दिया है।

कांग्रेस सरकार में रक्षा सौदों के साथ खिलवाड़ 

योगी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय में देश के रक्षा सौदों के साथ खिलवाड़ हुआ और क्वात्रोची तथा मिशेल जैसे दलालों को प्रश्रय देकर देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया गया। कोर्ट ने कांग्रेस के झूठ को बेनकाब कर दिया है। सबसे पुरानी पार्टी होने के नाते कांग्रेस की देश की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी होनी चाहिए लेकिन, उसने रक्षा सौदों को लटकाये रखकर सुरक्षा हितों की अनदेखी की। उन्होंने कहा कि  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रक्षा सौदों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया तो कांग्रेस अध्यक्ष ने देश की जनता के सामने झूठ बोला। अब सुप्रीम कोर्ट ने साफ कर दिया कि केंद्र सरकार ने पारदर्शी तरीके से देश की सुरक्षा के लिए कदम उठाए।

योगी ने कहा कि देश जानना चाहता है कि राफेल पर राहुल गांधी की सूचनाओं का स्रोत क्या था? किसके इशारे पर उन्होंने देश की सुरक्षा से खिलवाड़ किया? किसके कहने पर सेना को कठघरे में खड़ा किया? राफेल का मुद्दा कांग्रेस का अनावश्यक बखेड़ा था। जनहित याचिका की प्रक्रिया के सवाल पर योगी ने कहा कि राहुल गांधी अपना स्रोत उजागर करें। 2007 से 2014 तक कांग्रेस ने अपने शासन में इस सौदे को क्यों लटकाये रखा? कहीं ऐसा तो नहीं कि क्वात्रोची या मिशेल की दाल न गलने के कारण सुरक्षा की अनदेखी की। योगी ने कहा कि न्यायालय को जनहित याचिका की मेरिट का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने सांविधानिक संस्थाओं को सम्मान दिया है।

chat bot
आपका साथी