सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा- चार साल में अपनी एक भी योजना लागू नहीं कर सकी यूपी सरकार

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी की जनता ने भाजपा जैसी सरकार नहीं देखी है। यह सरकार अपने चौथे साल में भी अपनी एक भी योजना लागू नहीं कर सकी है। भाजपा सरकार केवल समाजवादी सरकार के समय के कामों पर अपने उद्घाटन के शिलालेख लगा रही है।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Mon, 19 Oct 2020 07:24 PM (IST) Updated:Mon, 19 Oct 2020 07:24 PM (IST)
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा- चार साल में अपनी एक भी योजना लागू नहीं कर सकी यूपी सरकार
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा जैसी सरकार नहीं देखी है।

लखनऊ, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा जैसी सरकार नहीं देखी है। भाजपा सरकार अपने चौथे साल में भी अपनी एक भी योजना लागू नहीं कर सकी है। भाजपा सरकार केवल समाजवादी सरकार के समय के कामों पर अपने उद्घाटन के शिलालेख लगा रही है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि समाजवादी सरकार के समय उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रतिष्ठित कैंसर इंस्टीटट्यूट बनकर तैयार हो गया था। किंतु भाजपा सरकार ने इसे अब तक चालू नहीं किया। इधर, जब बच्चियों से दुष्कर्म की घटनाओं की बाढ़ आने से भाजपा सरकार की बदनामी देश-विदेश तक होने लगी तो 'मिशन शक्ति' के नाम पर मुख्यमंत्री ने भ्रामक प्रचार का एक और इश्तेहार पेश कर दिया है।

सरकार हर मोर्चे पर विफल : समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में आए दिन हो रही अपराध की घटनाओं के विरोध में सोमवार को राज्य के विभिन्न जिलों में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारियों को सौंपा। सपा ने लखनऊ के अलावा उपचुनाव वाले सात जिलों में विरोध प्रदर्शन का यह कार्यक्रम आयोजित नहीं किया। सपा ने ज्ञापन में कहा कि हर दिन मानवता को शर्मसार करने वाली घटनाएं हो रही है। सरकार हर मोर्चे पर विफल है। लोकतंत्र की हत्या हो रही है। प्रदेश में संवैधानिक संकट की स्थिति है। विकास अवरूद्ध है। जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। राज्यपाल से आशा की गई है कि वे अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन करेंगी।

कानून व्यवस्था की स्थिति अत्यंत गंभीर : सपा ने ज्ञापन में कहा  है कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति अत्यंत गंभीर है। हत्या, लूट, अपहरण, दुष्कर्म की घटनाएं रोज घट रही हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार इस पर नियंत्रण पाने में पूर्णतया विफल है। प्रदेश में बेलगाम अपराध और बेखौफ अपराधी सत्ता संरक्षण में पल रहे हैं। जनता अपने को असुरक्षित मान रही है। चारों तरफ भय और आतंक का माहौल है। भाजपा सरकार के कार्यव्यवहार से प्रदेश में हर तरफ आक्रोश है। नागरिक अपने जानमाल की सुरक्षा के लिए हर क्षण चिंतित रहते हैं। महिलाओं की जिंदगी असुरक्षित है। विपक्ष पर सरकार हमलावर है। जनधन की सुरक्षा जैसी कोई चीज नजर नहीं आती है।

डॉ. केके सचान व मिथलेश सपा में शामिल : बसपा नेता डॉ. केके सचान और कानपुर देहात के राजपुर (सिकंदरा) क्षेत्र की पूर्व विधायक मिथलेश कटियार ने सोमवार को समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। डॉ. सचान जनवरी 2019 में कांग्रेस में भी शामिल हुए थे। दोनों ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिलकर भरोसा दिलाया कि वे वर्ष 2022 में सपा की बनाने के लिए अपने सभी समर्थकों के साथ पूरी निष्ठा से काम करेंगे।

chat bot
आपका साथी