सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा- किसानों की सुनवाई न कर उनका अपमान कर रही भाजपा

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सत्ता के अहंकार में भारतीय जनता पार्टी किसानों और प्रत्येक नागरिक की थाली का अपमान कर रही है। किसान घेरा कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिकतर गांवों में पहुंचने और चौपाल लगाने के निर्देश दिए।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Sun, 27 Dec 2020 09:25 PM (IST) Updated:Sun, 27 Dec 2020 09:25 PM (IST)
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा- किसानों की सुनवाई न कर उनका अपमान कर रही भाजपा
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा किसानों और प्रत्येक नागरिक की थाली का अपमान कर रही है।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों की सुनवाई न होने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सत्ता के अहंकार में भारतीय जनता पार्टी किसानों और प्रत्येक नागरिक की थाली का अपमान कर रही है। रविवार को किसान घेरा कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिकतर गांवों में पहुंचने और चौपाल लगाने के निर्देश दिए।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन आरंभ हुए एक माह पूरा हो गया परंतु उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। भाजपा अपने प्रिय पूंजीपति मित्रों का समर्थन करते हुए ऐसे रास्ते पर पड़ी है जो किसान, मजदूर व निम्न मध्यम वर्ग के खिलाफ जाता हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर तो भाजपा की ओर से आंदोलनकारी किसानों के बारे में तमाम अनर्गल आरोप लगाए जा रहे हैं दूसरी ओर उनसे वार्ता की भी पेशकश की जा रही है।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि देश-प्रदेश में जबसे भाजपा सरकारें बनी हैं तब से ही किसानों के लिए संकट के हालात बन गए हैं। किसानों को न फसल का उचित दाम मिला है। वहीं फसल बीमा योजना भी बीमा कम्पनियों की कारगुजारियों का शिकार बन गई है। किसान आंदोलन भाजपा सरकार की विफलता का जीवंत स्मारक है।

मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी अन्नदाता के साथ खड़ी है। लगातार तीसरे दिन भी गांवों में सपा नेताओं की चौपाल व किसान घेरा कार्यक्रम जारी रहा। रविवार को पीलीभीत में पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा, सोनभद्र में रमेश चंद्र दुबे, फर्रुखाबाद में कुतबुद्दीन, सिद्धार्थनगर में लालजी यादव, बलरामपुर में एसपी यादव, प्रतापगढ़ में नागेन्द्र सिंह मुन्ना, अंबेडकरनगर में विधायक सुभाष राय, मऊ में पूर्व विधायक राजेन्द्र कुमार, महाराजगंज में डॉ. श्रीकृष्ण, मेरठ में जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह, आगरा में रामगोपाल बघेल, गौतमबुद्धनगर में वीर सिह यादव, फैजाबाद में गंगा सिंह यादव, श्रावस्ती में मोहम्मद रमजान, कन्नौज में अरविंद, एटा में अनिल कुमार सिंह व पिंकी यादव, प्रयागराज में संदीप पटेल और बहराईच में मुकेश श्रीवास्तव गांवों में समाजवादी किसान घेरा कार्यक्रम के तहत किसानों के बीच रहे।

chat bot
आपका साथी