अखिलेश यादव ने UP सरकार पर साधा निशाना, कहा- गुड़ महोत्सव का खूब प्रचार किंतु गन्ने का दाम नहीं

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किसान आंदोलन पर कहा कि देश की सीमा लांघ कर अंतरराष्ट्रीय बनता जा रहा है किसान आंदोलन। छोटे उद्योगों को प्रोत्साहन के नाम पर सरकार टांग रही ओडीओपी का बैनर ।

By Divyansh RastogiEdited By: Publish:Sun, 07 Mar 2021 10:50 PM (IST) Updated:Mon, 08 Mar 2021 08:11 AM (IST)
अखिलेश यादव ने UP सरकार पर साधा निशाना, कहा-  गुड़ महोत्सव का खूब प्रचार किंतु गन्ने का दाम नहीं
अखिलेश यादव ने कहा कि देश की सीमा लांघ कर अंतरराष्ट्रीय बनता जा रहा है किसान आंदोलन।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। किसानों की समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर फिर से निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि गुड़ महोत्सव का खूब प्रचार किया गया, लेकिन किसानों को बकाया गन्ना मूल्य नहीं मिल पा रहा है। किसान आंदोलन देश की सीमा लांघ कर अंतरराष्ट्रीय बनता जा रहा है।

रविवार को जारी बयान में अखिलेश ने कहा कि दिल्ली की सीमा पर किसान आंदोलन के 100 दिन पूरे हो गए हैं। तीन कृषि कानूनों को लेकर पूरे देश के किसानों में गुस्सा है। एमएसपी नहीं मिल पा रहा और किसान की लागत भी नहीं निकल रही है। मजबूरन कर्ज लेने वाला किसान आत्महत्या करने के लिए बाध्य है। भाजपा की हठधर्मिता के चलते अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी किसान आंदोलन की गूंज होने लगी है। कई देशों के समाजसेवियों ने इस आंदोलन को समर्थन दिया है। गन्ना किसानों का बकाया देने के सवाल पर सरकार ऊंघने लगती है। गन्ना किसानों को न एमएसपी मिला, न ही 14 दिन में गन्ने का भुगतान हुआ। बकाये पर ब्याज का तो सवाल ही नहीं। किसानों की आय दोगुनी होने की दूर-दूर तक संभावना नहीं है।

सपा प्रमुख ने कहा कि किसानों का भरोसा भाजपा से उठ गया है। इसलिए लोगों को असली मुद्दों से भटकाने का काम हो रहा है। छोटे उद्योगों को प्रोत्साहन देने के नाम पर एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) का बैनर टांग दिया जा रहा है। उत्पाद के विपणन की कोई व्यवस्था नहीं हो सकी। 

chat bot
आपका साथी