अयोध्या टाउनशिप में मठ और आश्रमों को मिलेंगे भूखंड, देश के प्रख्यात मंदिर ट्रस्टों ने साधा संपर्क

तिरुपति बालाजी वैष्णोदेवी मीनाक्षी मंदिर सहित अन्य प्रख्यात मंदिर ट्रस्टों ने साधा संपर्क। विश्व के विभिन्न देशों एवं राज्यों के अतिथि गृहों की भांति यह व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सलाह पर यह विस्तार किया गया है।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Mon, 08 Mar 2021 08:48 PM (IST) Updated:Tue, 09 Mar 2021 07:08 AM (IST)
अयोध्या टाउनशिप में मठ और आश्रमों को मिलेंगे भूखंड, देश के प्रख्यात मंदिर ट्रस्टों ने साधा संपर्क
विभिन्न देश व राज्यों के अतिथि गृह की भांति मिलेगी भूमि।

अयोध्या, (रविप्रकाश श्रीवास्तव)। रामनगरी के समानांतर 1194 एकड़ में प्रस्तावित नव्य अयोध्या टाउनशिप में देश के विभिन्न मठ और आश्रमों के लिए भी भूखंड उपलब्ध कराए जाएंगे। विश्व के विभिन्न देशों एवं राज्यों के अतिथि गृहों की भांति यह व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सलाह पर यह विस्तार किया गया है। भव्य अयोध्या में भूखंड प्राप्त करने के लिए तिरुपति बालाजी, वैष्णोदेवी श्राइन बोर्ड, मीनाक्षी मंदिर ट्रस्ट ने रुचि दिखाई है। भव्य अयोध्या में श्रद्धालुओं-संतों के लिए आश्रम सरीखी आवासीय व्यवस्था उपलब्ध कराने की भी तैयारी की जा रही है। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विशाल सिंह ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप धर्मस्थलों के लिए भूखंडों की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी।

अब भव्य अयोध्या होगा प्रोजेक्ट का नाम : रामनगरी के समग्र विकास को लेकर चल रही प्रक्रिया के बीच एक बड़ा बदलाव सामने आया है। उपाध्यक्ष विशाल सिंह ने बताया कि नव्य अयोध्या प्रोजेक्ट को अब भव्य अयोध्या प्रोजेक्ट के नाम से जाना जाएगा। विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने में विभिन्न वर्गों के सुझाव को ध्यान में रखकर नाम परिवर्तन किया जा रहा है। लोगों का सुझाव है कि अयोध्या एक है, जिसमें नई और पुरानी जैसे शब्दों का कोई अर्थ नहीं है। इसलिए नव्य अयोध्या के स्थान पर प्रोजेक्ट का नाम भव्य अयोध्या ग्रीन फील्ड प्रोजेक्ट करने का निर्णय लिया गया है। कंसल्टेंट एजेंसी अपने विजन डॉक्यूमेंट में अब इसका सुधार करेगी।

आपत्तियों का निस्तारण करने आज आएगी नियोजन समिति

भव्य अयोध्या (पूर्व में नव्य अयोध्या) के लिए जमीन अधिग्रहण की चल रही प्रक्रिया को लेकर आपत्तियों का निस्तारण तेज कर दिया गया है। अपर आवास आयुक्त डॉ. नीरज शुक्ल की अध्यक्षता में गठित दस सदस्यीय नियोजन समिति मंगलवार को यहां आ रही है। वह आपत्तियों पर सुनवाई करेगी।

मुख्य सचिव के सामने आज होगा प्रस्तुतीकरण

रामनगरी के समग्र विकास की चल रही तैयारी का मंगलवार को मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी के समक्ष प्रस्तुतीकरण होगा। सोमवार को प्राधिकरण उपाध्यक्ष विशाल सिंह कंसल्टेंट टीम के साथ कार्ययोजना बनाने में लगे रहे। 

chat bot
आपका साथी