अपग्रेड होगा लखनऊ-कानपुर रूट, जल्‍द बढ़ेगी ट्रेनों की स्पीड Lucknow News

जागरण के प्रश्न पहर कार्यक्रम में उत्तर रेलवे के डीआरएम संजय त्रिपाठी ने कहा-बढ़ रहीं यात्री सुविधाएं समस्याएं होंगी दूर।

By Divyansh RastogiEdited By: Publish:Wed, 14 Aug 2019 08:53 PM (IST) Updated:Sat, 17 Aug 2019 08:37 AM (IST)
अपग्रेड होगा लखनऊ-कानपुर रूट, जल्‍द बढ़ेगी ट्रेनों की स्पीड Lucknow News
अपग्रेड होगा लखनऊ-कानपुर रूट, जल्‍द बढ़ेगी ट्रेनों की स्पीड Lucknow News

लखनऊ, जेएनएन। पिछले कुछ दिनों से लखनऊ -कानपुर के बीच मेमू ट्रेनों की संख्या कम हो गई है। इससे यात्रियों की मुश्किलें बढ़ी हैं। खासतौर पर अजगैन से रोजाना लखनऊ और कानपुर जाने वाले हजारों यात्रियों को असुविधा हो रही है। लेकिन, यह समस्या अब अधिक दिनों की नहीं बची है। जल्द ही रेलवे लखनऊ से कानपुर रूट को अपग्रेड करने का काम पूरा कर लेगा। इससे ट्रेनों की गति बढ़ जाएगी। जहां तक यात्री सुविधाओं की बात है तो छोटे स्टेशनों के यात्रियों को भी सुखद यात्रा का अनुभव होगा।

रेलवे डबलिंग की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। फाफामऊ-प्रयाग के बीच अगले महीने डबलिंग पूरी हो जाएगी। रेलवे की भावी तैयारियों की जानकारी उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम संजय त्रिपाठी ने बुधवार को दैनिक जागरण के कार्यक्रम प्रश्न पहर में दी। मंडल के अंतर्गत आने वाले स्टेशनों के यात्रियों ने डीआरएम संजय त्रिपाठी से कई सवाल पूछे। इनका जवाब देते हुए डीआरएम ने जल्द ही शिकायतों को दूर करने का आश्वासन भी दिया। 

सवाल: लखनऊ मेल सहित कई टे्रनों में जनरल बोगी कम और भीड़ अधिक होती है। (रूपेंद्र लखनऊ) 

जवाब : ट्रेनों में जनरल बोगियां दो से बढ़ाकर छह कर दी गई हैं। जनरल बोगियों की सर्विस भी प्रीमियम होती है। लिहाजा, काशी विश्वनाथ सहित अन्य ट्रेनों को भी चुना जा सकता है। 

सवाल: लखनऊ से कानपुर के बीच निरस्त चल रही 64212, 64207 व 64212 मेमू ट्रेनें कब से चलेंगी। (राकेश पांडेय लखनऊ )  

जवाब : बहुत समय से इस रूट का अनुरक्षण नहीं हो पा रहा था। अजगैन-जैतीपुर के बीच पटरियों को अपग्रेड किया जा रहा है। इस कारण प्रतिदिन दो से तीन गाडिय़ां निरस्त हो रही हैं। जल्द रूट अपग्रेड होते ही ट्रेनों की क्षमता और स्पीड दोनों बढ़ेगी। 

 

सवाल: चारबाग स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर पैदल पुल तक जाने के लिए एस्केलेटर कब तक लगेंगे। (मोहित जौहरी लखनऊ)  

जवाब : नए वाले पैदल पुल पर एस्केलेटर और लिफ्ट लग रही हैं। प्लेटफॉर्म दो और तीन, चार और पांच पर इसे लगा दिया गया है। शेष छह और सात पर लिफ्ट तथा एस्केलेटर जल्द लगेंगे। 

सवाल: ट्रेनों में कभी सीट कन्फर्म नहीं मिलती। फिर भी रेलवे क्यों कहता है कि वह घाटे में है? (प्रदीप कुमार ऊंचाहार) 

जवाब : रेलवे ट्रेनों के सफर में सब्सिडी देता है। इसकी सूचना टिकट पर भी प्रकाशित होती है। इसकी भरपाई माल ढुलाई से की जाती है। यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाना रेलवे का मकसद है। 

सवाल: बाराबंकी से कानपुर जाने वाली 64235/36 मेमू बंद होने से दैनिक यात्री मुश्किल में हैं। राहत कैसे मिलेगी? (आशीष, अजगैन) 

जवाब : इस मेमू ट्रेन को फिर चलाने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। परीक्षण कर चलाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 

सवाल: आलमबाग थाने के सामने सीबीएच कॉलोनी में दीवार जर्जर हो रही है। पानी भी बर्बाद हो रहा है। (बाबाराम शर्मा, लखनऊ) 

जवाब : जल्द ही इस कॉलोनी का निरीक्षण संबंधित अनुभाग के अधिकारियों के साथ किया जाएगा। क्षेत्र की समस्याएं दूर होंगी। 

सवाल: बालामऊ-कानपुर लाइन की क्रॉसिंग सी-78 बंद है। इसे शुरू कब करवाएंगे? (वीर सिंह बालामऊ)  

जवाब : डीएम की सहमति से वर्ष 2015 में बंद हुई इस क्रॉसिंग के आसपास वैकल्पिक व्यवस्था के लिए भौतिक निरीक्षण किया जाएगा। 

सवाल: इलाहाबाद रूट पर ट्रेनों की स्पीड बहुत कम क्यों है? (आरटी यादव, फैजाबाद)  

जवाब : इलाहाबाद से प्रयाग तक डबलिंग हो गई है। अगले माह प्रयाग से फाफामऊ तक डबलिंग पूरी होगी। कुछ समय में रायबरेली-कुंदनगंज-अमेठी तक डबलिंग पूरी हो जाएगी। करीब डेढ़ साल बाद डबलिंग पूरी होगी। 

सवाल: दरियाबाद रेलवे स्टेशन की बिजली शाम छह बजते ही बंद क्यों कर दी जाती है? (अजय पांडेय दरियाबाद)  

जवाब : अपने स्तर से मैं इसकी जांच कराऊंगा। यदि शाम होते ही बिजली बंद की जा रही है तो यह गलत है। 

सवाल: बाराबंकी रेलवे स्टेशन के पास नाला चोक होने से बहुत गंदगी फैलती है। (पवन सिंह बाराबंकी) 

जवाब : जल्द ही मैं बाराबंकी का निरीक्षण करूंगा। मौके पर जांच कर इस दिशा में जरूरी कार्रवाई भी कराऊंगा। 

सवाल: गोंडा से लखनऊ जंक्शन के बीच मेमू कब चलेगी? (सुखराम चौरसिया, करनैलगंज) 

जवाब : यह क्षेत्र पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में आता है। संबंधित अधिकारियों को इस बारे में अवगत कराऊंगा। 

सवाल: 64203 मेमू के बाद अजगैन से उन्नाव के लिए दूसरी दूसरी ट्रेन नहीं मिलती। (श्याम सुंदर शुक्ल, अजगैन)   

जवाब : दैनिक यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण ट्रेनों को लेकर जल्द ही जरूरी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। ट्रेन को समय से चलाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। 

सवाल: नकहा जंगल-लखनऊ जंक्शन पैसेंजर कभी समय से नहीं चलती। (विनोद कुमार, गोंडा) 

जवाब : यह ट्रेन पूर्वोत्तर रेलवे के सेक्शन पर चलती है। संबंधित मंडल प्रशासन को इस समस्या की जानकारी देकर इसे ठीक करने के लिए कहूंगा। 

सवाल: सुलतानपुर में एसपी के बंगले के सामने 75 बी पर फ्लाईओवर है। यहां अंडरपास की जरूरत है। (अमरपाल सिंह यादव सुलतानपुर)  

जवाब : इसका प्रस्ताव दीजिए। निरीक्षण कर इसे मंजूर कराने की कार्रवाई की जाएगी। 

 

सवाल: उन्नाव से लखनऊ पढऩे आता हूं। मेमू निरस्त होने से परेशानी हो रही है। (शेखर श्रीवास्तव उन्नाव)  

जवाब : इस दिशा में जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। ट्रेनों के संचालन के लिए परीक्षण किया जा रहा है। 

सवाल: 25 मई को कोलकाता गया। रेलवे की गलत सूचना से ट्रेन छूट गई। क्या करूं? (वेद प्रकाश राजपाल, फैजाबाद)  

जवाब : आप एक लिखित शिकायत मंडल मुख्यालय लखनऊ को भेज दीजिए। कार्रवाई होगी।

सवाल: चारबाग स्टेशन पर सफाई कम है। मेट्रो स्टेशन के नीचे गंदगी रहती है। (नवनीत, लखनऊ)  

जवाब : यात्रियों से फीडबैक के आधार पर सफाई की दिशा में बेहतर काम हो रहा है। यह समस्या भी जल्द दूर होगी। 

सवाल: जायस के कासिमपुर हॉल्ट को अपगे्रड कब करवाएंगे? (अमिताभ कुमार जायस)  

जवाब : मानकों का परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद इसे अपग्रेड कराने की कार्रवाई होगी। 

chat bot
आपका साथी