कांग्रेस के साथ एक बार फिर आया महान दल, 2014 में तीन सीट पर लड़ा था लोकसभा चुनाव

उत्तर प्रदेश के प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा व ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में कल महान दल से उत्तर प्रदेश में गठबंधन की घोषणा की गई।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Thu, 14 Feb 2019 11:23 AM (IST) Updated:Thu, 14 Feb 2019 01:13 PM (IST)
कांग्रेस के साथ एक बार फिर आया महान दल, 2014 में तीन सीट पर लड़ा था लोकसभा चुनाव
कांग्रेस के साथ एक बार फिर आया महान दल, 2014 में तीन सीट पर लड़ा था लोकसभा चुनाव

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव को लेकर बेहद गंभीर कांग्रेस प्रदेश में छोटे दलों को साथ लेने में पीछे नहीं है। लोकसभा की जंग में कांग्रेस ने छोटे दलों को साथ में लेने की शुरुआत कर दी। 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ तीन सीट पर चुनाव लडऩे वाला महान दल एक बार फिर कांग्रेस के साथ है। कल महान दल के साथ गठबंधन करने वाले कांग्रेस की निगाह अन्य छोटे दलों पर भी है।

उत्तर प्रदेश के प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा व ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में कल महान दल से उत्तर प्रदेश में गठबंधन की घोषणा की गई। प्रियंका गांधी ने महान दल के केशव देव मौर्य का स्वागत करते हुए कहा कि मौर्य की पार्टी प्रदेश में कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने हमें ऐसी राजनीति के निर्माण का लक्ष्य दिया है, जिसमें सभी वर्गों की भागीदारी हो। हम सब का यही प्रयास रहेगा। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि 2019 की लड़ाई जी जान से लड़ी जाए।

महान दल के अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने कांग्रेस राज्य मुख्यालय पर पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा व ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात करके गठबंधन की पेशकश की, जिसे स्वीकार कर लिया गया। प्रियंका गांधी ने कहा कि वह मौर्य का स्वागत करती हैं और हम अगला लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे। प्रियंका गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस व महान दल साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। 2019 की लड़ाई हम जी जान से लड़ेंगे। इस मौके पर उनके साथ पश्चिमी यूपी के महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया, राजबब्बर, पीएल पुनिया व अखिलेश सिंह मौजूद थे।

इससे पहले पश्चिमी जिलों के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि हमें खुशी है कि महान दल ने निर्णय लिया कि वह कांग्रेस के साथ मिलकर प्रदेश में चुनाव लड़ेंगे। उनकी यह सोच ऐसी विचारधारा का निर्माण करेगी जहां हर वर्ग को स्थान मिलेगा। ऐसी सरकार का निर्माण हो जो गरीबों के उत्थान के लिए तत्पर रहे। एक सशक्त भारत, सशक्त उत्तर प्रदेश का निर्माण हो।

इस अवसर पर महान दलसंस्थापक केशव देव मौर्य ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में जबरदस्त अराजकता व्याप्त है। आरक्षण के नाम पर केवल राजनीति हो रही हैं। भाजपा ने पिछड़ों के लिए कुछ नहीं किया। हम कांग्रेस केसाथ पहले भी थे और अब गठबंधन करके 2019 चुनाव में जीतेंगे। कांग्रेस सभी की बात सुनती है, सबको हिस्सेदारी देती है। उन्होंने लोकसभा के बाद प्रदेश के विधान सभा चुनाव में भी कांग्रेस का साथ देने का एलान किया।

मौर्य ने कहा कि साल 2009 और 2014 के लोकसभा चुनाव में महान दल का कांग्रेस से गठबंधन रहा है। वर्तमान में पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केन्द्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर पिछड़ों और दलितों के आरक्षण को टुकड़ों में बांटकर सबको हिस्सा देगी। उन्होंने कहा कि उनका कांग्रेस के साथ गठबंधन अब लंबा चलेगा। महान दल ने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस से गठबंधन करके बदायूं, नगीना और एटा सीटों पर चुनाव लड़ा था, मगर तीनों ही जगह उसे हार का सामना करना पड़ा था। महान दल का पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पिछड़े वर्ग के मतदाताओं में असर माना जाता है।

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश में महान दल के बाद अन्य कई दलों से भी बातचीत जारी है, इसमें अपना दल और निषाद पार्टी जैसे दलों का नाम लिया जा रहा है। यहां पर कांग्रेस का फोकस पिछड़ों व अल्पसंख्यकों से जुडे संगठनों व छोटे दलों को साथ में लेने पर रहेगा। 

chat bot
आपका साथी