भाई की हत्‍या कर कमरे में ही गड्ढा खोदकर किया दफन, सीतापुर में मां की श‍िकायत के बाद खुला राज

मां की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज कर परिवारजन से पूछताछ की। घर की तलाशी में पक्के कमरे की कच्ची फर्श को देख पुलिस को शक हुआ। कमरे में एक स्थान पर ईंट बिछाकर घरेलू समान रखा गया था।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Wed, 14 Jul 2021 09:34 PM (IST) Updated:Thu, 15 Jul 2021 07:35 AM (IST)
भाई की हत्‍या कर कमरे में ही गड्ढा खोदकर किया दफन, सीतापुर में मां की श‍िकायत के बाद खुला राज
अनहोनी की आशंका होने पर मां मालती ने पुलिस का सहारा लिया।

सीतापुर, संवाद सूत्र। एक सप्ताह पूर्व भाई-भाई में हुए विवाद के बाद एक युवक गायब हो गया। मां को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की तो कत्ल का सनसनीखेज मामला खुल गया। दरअसल, विवाद के बाद भाई ने ही भाई को मार डाला। यही नहीं, मारने के बाद शव को अपने घर के एक कमरे में मिट्टी खोदकर अंदर छिपा दिया। पुलिस ने भाई पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपित को हिरासत में ले लिया है।

रिश्तों के कत्ल का यह मामला अटरिया के देबीपुर का है। देबीपुर निवासी संदीप की अपने छोटे भाई राजन से सात जुलाई की शाम को विवाद हो गया था। बात बढ़ी तो दोनों के बीच मारपीट हुई थी। चीख-पुकार और घटना की जानकारी पर पड़ाेसी पहुंचे तो घर का दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद बात आई, गई हो गई। इसी दिन से संदीप कहीं लापता हो गया। पहले लोगों को लगा कि वह कहीं चला गया है लेकिन, कई दिन गुजर जाने के बाद भी वह नहीं आया तो अनहोनी की आशंका होने लगी। इसके बाद मां मालती ने पुलिस का सहारा लिया।

मां की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज कर परिवारजन से पूछताछ की। घर की तलाशी में पक्के कमरे की कच्ची फर्श को देख पुलिस को शक हुआ। कमरे में एक स्थान पर ईंट बिछाकर घरेलू समान रखा गया था। उस स्थान पर हाल ही में खोदाई किया जाना प्रतीत हो रहा था। शक के आधार पर जब पुलिस ने उस स्थान की खोदाई कराई तो संदीप का शव दफनाया मिला। मृतक की पत्नी रानी अपने मायके लखनऊ के बारा बिरवा में थी। प्रभारी थानाध्यक्ष रनबीर सिंह ने बताया कि, भाई राजन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

मां हो गई थी बेहोश : घटना के दौरान मां को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। दरअसल, दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ तो मां बेहोश हो गई थी। इसी बीच भाई ने भाई की हत्या की।

शराब पीकर विवाद करता था : पुलिस पड़ताल में सामने आया है कि मृतक संदीप अक्सर शराब पीकर आता था। उस दिन भी विवाद हुआ था। इसके बाद वह गालीगलौज कर रहा था। इसी के बाद छोटे भाई ने संदीप का गला दबा दिया। उसे मरा समझा तो जमीन में छिपा दिया।

chat bot
आपका साथी