दुनिया के थे राहत इंदौरी, सबको आए याद; राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सहित सभी दलों के नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

दुनिया के जाने-माने शायर राहत इंदौरी के निधन पर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सहित सभी दलों के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Wed, 12 Aug 2020 12:10 AM (IST) Updated:Wed, 12 Aug 2020 05:56 AM (IST)
दुनिया के थे राहत इंदौरी, सबको आए याद; राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सहित सभी दलों के नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
दुनिया के थे राहत इंदौरी, सबको आए याद; राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सहित सभी दलों के नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

लखनऊ, जेएनएन। दुनिया के जाने-माने शायर राहत इंदौरी के निधन पर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सहित सभी दलों के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। राहत इंदौरी को दुनिया का शायर बताते हुए उनकी गजलों को भी सोशल मीडिया पर साझा किया। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राहत इंदौरी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में कहा कि राहत इंदौरी का निधन उर्दू साहित्य जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए परिजनों के प्रति गहरी संवेदना एवं सहानुभूति व्यक्त की।

उत्तर प्रदेश उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट किया कि मशहूर शायर एवं कवि राहत इंदौरी के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। उनका निधन साहित्य जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति व परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने ट्वीट में लिखा- मशहूर शायर राहत इंदौरी साहब का निधन हो गया है। वह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे। उनकी गजल लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, समानता आदि के लिए हमेशा याद की जाती रहेंगी। एक शायरी साझा की- ये हादसा तो किसी दिन गुजरने वाला था। मैं बच भी जाता तो इक रोज मरने वाला था।

बसपा प्रमुख मायावती ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि मशहूर अवामी शायर राहत इंदौरी के अचानक निधन की खबर अति-दुखद है। उनकी कमी को उर्दू अदब की दुनिया में पूरी करना शायद मुश्किल होगा। उनके शोक संतप्त परिवार व उनके करोड़ों चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत उन सबको इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इन शब्दों के साथ श्रद्धांजलि दी- यूं तो सारी दुनिया के थे, बस कहने को इंदौरी थे। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने ट्वीट किया- अपनी शायरी से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले मशहूर शायर राहत इंदौरी साहब के निधन की सूचना से आहत हूं। ईश्वर शोकाकुल परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दें। आप ही के शब्द पुष्प थे- मैं मर जाऊं तो मेरी एक अलग पहचान लिख देना। लहू से मेरी पेशानी पे हिंदुस्तान लिख देना।

chat bot
आपका साथी