पांच दिनी गंगा यात्रा : 27 जिलों के 86 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी, बिजनौर तथा बलिया से 27 को आगाज

Ganga Yatra in UP गंगा नदी को निर्मल और स्वच्छ बनाने का संकल्प लेने वाली उत्तर प्रदेश सरकार इसको लेकर बड़ा जागरूकता अभियान चला रही है।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Sat, 25 Jan 2020 07:13 PM (IST) Updated:Mon, 27 Jan 2020 08:49 AM (IST)
पांच दिनी गंगा यात्रा : 27 जिलों के 86 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी, बिजनौर तथा बलिया से 27 को आगाज
पांच दिनी गंगा यात्रा : 27 जिलों के 86 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी, बिजनौर तथा बलिया से 27 को आगाज

लखनऊ, जेएनएन। भारत की जीवनदायिनी मानी जाने वाली गंगा नदी को निर्मल और स्वच्छ बनाने का संकल्प लेने वाली उत्तर प्रदेश सरकार इसको लेकर बड़ा जागरूकता अभियान चला रही है। उत्तर प्रदेश में गंगा नदी के प्रवेश द्वार माने जाने वाले बिजनौर जिले के साथ ही अंतिम पड़ाव बलिया से प्रदेश में 27 जनवरी को गंगा यात्रा का आगाज होगा। इसका समापन 31 जनवरी को कानपुर में होगा। गंगा यात्रा 27 जिलों के 86 विधानसभा क्षेत्र से होकर गुजरेगी।

उत्तर प्रदेश की इस गंगा यात्रा में भागीदार उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के साथ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा आठ केंद्रीय मंत्री भी होंगे। गंगा यात्रा को बलिया से राज्यपाल आनंदीबेन पटेल तथा बिजनौर से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत रवाना करेंगे। उनके साथ केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान भी रहेंगे। बलिया में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ बिहार के डिप्टी सीएम सुशील मोदी, उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह और केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पाण्डेय मौजूद रहेंगे।

उत्तर प्रदेश सरकार 27 से 31 जनवरी तक पांच दिवसीय गंगा यात्रा निकाल रही है। गंगा यात्रा में केंद्र सरकार के आठ मंत्रियों के साथ ही जिलों के प्रभारी मंत्री शामिल होंगे। गंगा नदी यात्रा दो रूट से निकाली जाएगी। पहला बिजनौर से कानपुर तो दूसरा बलिया से कानपुर।

बिजनौर से कानपुर तक जाने वाली गंगा यात्रा के पहले दिन 27 जनवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान रहेंगे। 28 जनवरी को उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान मौजूद रहेंगे। वहीं 29 जनवरी को कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, बृजेश पाठक और केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल मौजूद रहेंगे। 30 जनवरी को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो मौजूद रहेंगे।

इसी कड़ी में बलिया से कानपुर तक जाने वाली गंगा यात्रा के पहले दिन 27 जनवरी को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, बिहार के डिप्टी सीएम सुशील मोदी, प्रदेश के जलशक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह और केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पाण्डेय मौजूद रहेंगे। 28 जनवरी को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत रहेंगे। 29 जनवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर मौजूद रहेंगे। 30 जनवरी को उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी मौजूद रहेंगे। गंगा नदी यात्रा का समापन 31 जनवरी को कानपुर में होगा। गंगा यात्रा का समापन 31 जनवरी को कानपुर में होगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही पांच दिन चलने वाली गंगा यात्रा में सभी 27 जिलों के प्रभारी मंत्री भी मौजूद रहेंगे। 

chat bot
आपका साथी