साइबर अपराधी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती : अखिलेश

लखनऊ। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि आर्थिक और साइबर अपराधों पर अंकुश लगाना पुलिस के लिए ब

By Edited By: Publish:Tue, 21 Oct 2014 07:32 PM (IST) Updated:Tue, 21 Oct 2014 07:32 PM (IST)
साइबर अपराधी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती : अखिलेश

लखनऊ। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि आर्थिक और साइबर अपराधों पर अंकुश लगाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। इनमें नए-नए तरीकों का इस्तेमाल हो रहा है। अत: सरकार पुलिस आधुनिकीकरण और जवानों के कल्याण के लिए सभी जरूरी कदम उठाएगी।

मुख्यमंत्री आज पुलिस स्मृति दिवस पर जवानों और अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। पुलिस लाइंस में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने शहीद पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवारों को सम्मानित भी किया। अखिलेश यादव ने कहा कि शहीदों के बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता। उनके प्रति सम्मान प्रदर्शित करने के लिए ही उन्होंने आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि 10 से बढ़ाकर 20 लाख रुपये की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस आधुनिकीकरण की दिशा में काम हो रहा है। महिला पुलिसकर्मियों के लिए 320 थानों में विशेष बैरकों का निर्माण कराया जा रहा है। कानपुर नगर में अत्याधुनिक कंट्रोल रूम शुरू हो गया है। लखनऊ, इलाहाबाद और गाजियाबाद में जल्द ऐसा ही कंट्रोल रूम शुरू होगा। हाई-वे रोड सेफ्टी नेटवर्क परियोजना लागू की जा रही है।

पुलिस महानिदेशक एएल बनर्जी ने पुलिस स्मृति दिवस के इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि एक सितम्बर, 2013 से 31 अगस्त, 2014 तक देश में 653 पुलिसकर्मी शहीद हुए। इनमें से 126 जवान उत्तर प्रदेश के हैं। कार्यक्रम में कई मंत्रियों के अलावा मुख्य सचिव आलोक रंजन, प्रमुख देवाशीष पाण्डा, गृह सचिव राजीव अग्रवाल, एडीजी कानून व्यवस्था मुकुल गोयल, आइजी एसटीएफ सुजीत पाण्डेय समेत बड़ी संख्या में आइपीएस अधिकारी मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी