गौ-मूत्र से पवित्र किया जाएगा इकलाख का गांव बिसाहड़ा

उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के जिस गांव में 28 सितंबर की रात गाय के मांस के सेवन के आरोप में मोहम्मद इकलाख को मौत के घाट उतार दिया गया, अब उसी गांव को गौ-मूत्र से पवित्र किया जाएगा। इस गांव का शुद्धिकरण परसों गौमूत्र से किया जाएगा।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Sat, 05 Dec 2015 07:36 PM (IST) Updated:Sat, 05 Dec 2015 08:43 PM (IST)
गौ-मूत्र से पवित्र किया जाएगा इकलाख का गांव बिसाहड़ा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के जिस गांव में 28 सितंबर की रात गाय के मांस के सेवन के आरोप में मोहम्मद इकलाख को मौत के घाट उतार दिया गया, अब उसी गांव को गौ-मूत्र से पवित्र किया जाएगा। इस गांव का शुद्धिकरण परसों गौमूत्र से किया जाएगा।

एक अंग्रेजी अखबार के मुताबिक इसी गांव के निवासी समाजसेवी एचके शर्मा ने इस गांव को फिर से मुख्यधारा में लाने का बीड़ा उठाया है। शर्मा ने बताया कि दो महीने पहले बिसाहड़ा गांव में जो कुछ हुआ उससे यहां का वातावरण काफी अशुद्ध हो गया है। इस घटना के बाद से यहां के माहौल में लोगों का रहना काफी मुश्किल हो गया था। लंबे समय से लोग धार्मिक सौहाद्र्र का वातावरण बनाने में लगे थे। अब गांव के शुद्धिकरण के लिए गौमूत्र मंगवाए गए हैं। जिसका वैदिक मंत्रों के उच्चारण के बाद परसों पूरे गांव में छिड़काव किया जाएगा। इस कार्यक्रम के लिए वाराणसी से संतों को बुलाया गया है, जिसमें एक साध्वी भी हैं।

गांव वालों का विश्वास है कि इसके बाद पहले की तरह सुख-शांति आएगी। गांव के मंदिर में वाराणसी साध्वी हर्षसिद्धि गिरी शुद्धिकरण कराएंगी। साध्वी ने वाराणसी से 50 लीटर गंगाजल मंगाया है। परसों गांव में आराध्य यात्रा निकाल गोमूत्र और गंगा जल का छिड़काव किया जाएगा।

साध्वी का मानना है कि इससे गांव में पहले की तरह शांति रहेगी और लोग सुकून से रह सकेंगे। आराध्य यात्रा बिसाहड़ा गांव के मंदिर से शुरू होकर गांव के मुख्य द्वार पर खत्म होगी। आज साध्वी के साथ गांव की महिलाओं ने बैठक करके आराध्य यात्रा की रूपरेखा तैयार की। परसों सुबह साढ़े दस बजे सबसे पहले मंदिर परिसर में गंगाजल छिड़का जाएगा, इसके बाद पूरे गांव में यात्रा निकालकर छिड़काव होगा।

बिसाहड़ा गांव में 28 सितंबर की रात गोहत्या की सूचना पर इकलाख की पीटकर हत्या कर दी गई थी और उसके बेटे दानिश को उपद्रवियों ने अधमरा कर दिया था। घटना के बाद से गांव के सैकड़ों युवा फरार हैं। गांव के शुद्धिकरण और युवाओं को गांव में वापस बुलाने के लिए ग्रामीणों ने साध्वी हर्षसिद्धि गिरी से एक आराध्य यात्रा निकालने का आग्रह किया था। गांव में यात्रा के दौरान पूरे गांव में पुलिस बल मौजूद रहेगा।

साध्वी हर्षसिद्धि गिरी महाराज ने बताया कि गांव में शांति का माहौल फिर से बनाने के लिए आराध्य यात्रा निकालकर 50 लीटर गंगाजल और गोमूत्र का छिड़काव करने का निर्णय लिया गया है। उम्मीद है कि इससे गांव की सुख-शांति वापस लौटेगी।

उधर, इकलाख की हत्या के बाद गांव के आठ लोगों को आरोपी बनाए जाने से कुछ लोग इखलाक के परिवार से नाराज हैं। इकलाख की बेटी शाइस्ता की गवाही के आधार पर बिसाहड़ा गांव के लोगों को आरोपी बनाया गया है। इस मामले में इखलाक के बेटे दानिश का भी बयान होना है। इसके बाद गांव के आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सकता है।

गौरतलब है कि दादरी के बिसाहड़ा गांव में गाय का मांस पकाने के संदेह में भीड़ ने 28 सितंबर को मोहम्मद इकलाख की हत्या कर दी थी। साथ ही उसके बेटे दानिश को भी पीट-पीटकर अधमरा कर दिया था। दानिश का लंबे समय तक इलाज चला। इसके बाद वह स्वस्थ होकर घर आ गया है।

chat bot
आपका साथी