UP Panchayat Chunav 2021: जिताऊ दम दिखाने पर ही पंचायत अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाएगी भाजपा

उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनावों के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष पद चुनाव कार्यक्रम अभी घोषित नहीं हो पाया परंतु भारतीय जनता पार्टी ने उम्मीदवारों को चिन्हित करना आरंभ कर दिया है। चयनित प्रत्याशियों को अधिकृत घोषित होने से पूर्व जिताऊ ताकत दिखानी होगी।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Sat, 22 May 2021 01:30 AM (IST) Updated:Sat, 22 May 2021 07:06 AM (IST)
UP Panchayat Chunav 2021: जिताऊ दम दिखाने पर ही पंचायत अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाएगी भाजपा
जिला पंचायत अध्यक्ष पद चुनाव के लिए भाजपा ने उम्मीदवारों को चिन्हित करना आरंभ कर दिया है।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनावों के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष पद चुनाव कार्यक्रम अभी घोषित नहीं हो पाया परंतु भारतीय जनता पार्टी ने उम्मीदवारों को चिन्हित करना आरंभ कर दिया है। चयनित प्रत्याशियों को अधिकृत घोषित होने से पूर्व जिताऊ ताकत दिखानी होगी।

पंचायतों में वर्चस्व की असली लड़ाई जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लाक प्रमुखों के चुनाव में होगी। प्रदेश में 75 जिलों व 826 क्षेत्र पंचायतों में अध्यक्ष चुने जाने हैं। जून में पहले जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव होगा और बाद में ब्लाक प्रमुख चुने जाएंगे। पहली परीक्षा के लिए भारतीय जनता पार्टी ने तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में कोर समिति द्वारा जिला व क्षेत्रीय अध्यक्षों को अपने अपने क्षेत्रों में संभावित उम्मीदवार चिन्हित करने को कहा जा चुका है। जीते बागी भाजपाइयों की वापसी कराने की मुहिम भी जारी है।

सूत्रों का कहना है कि तीन दर्जन से अधिक जिलों में संभावित उम्मीदवारों को अपनी जिताऊ क्षमता दिखाने को कहा गया है। अधिक वोट बटोर लेने वाले को अधिकृत उम्मीदवार घोषित करके लड़ाया जाएगा। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा का मुकाबला समाजवादी पार्टी से ही अधिकतर स्थानों पर संभावित है। ऐसे में सपा विरोधी दलों से सहयोग मिलने की संभावना को भी तलाशा जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2015 के पंचायत चुनाव में सपा 62 जिला पंचायत अध्यक्ष जितवाने में कामयाब रही थी। पंचायतों की सियासत में सपा का दबदबा खत्म करने के लिए भाजपा पूरी ताकत से जुटी है। उधर समाजवादी पार्टी ने भी पंचायतों में अपना वजूद बचाए रखने को कमर कस ली है। एक दर्जन से अधिक जिलों में सपा ने भी अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं।

सेवा कार्यों में कोताही न बरतें सांसद : भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को पश्चिम, ब्रज व कानपुर क्षेत्र के सांसदों से वर्चुअल संवाद किया। नड्डा ने कोरोना काल में सेवाकार्यों की निरंतरता बनाए रखने और केंद्र व प्रदेश सरकारों की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ निचले स्तर तक पहुंचाने पर बल दिया। कोराना महामारी को लेकर विपक्ष द्वारा किए जा रहे दुष्प्रचार की सच्चाई जनता तक पहुंचाने का आग्रह भी किया। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने प्रदेश में किए सेवा कार्यों की विस्तार से जानकारी दी।

chat bot
आपका साथी