पूर्व CM कल्याण सिंह का हाल लेने लखनऊ पहुंचे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, बोले- स्वास्थ्य को लेकर पीएम मोदी भी चिंतित

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा संजय गांधी पीजीआइ में भर्ती राजस्थान के पूर्व राज्यपाल व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का हालचाल जानने गुरुवार देर शाम को लखनऊ पहुंचे। उनके साथ राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष भी थे।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Thu, 08 Jul 2021 05:41 PM (IST) Updated:Fri, 09 Jul 2021 12:18 AM (IST)
पूर्व CM कल्याण सिंह का हाल लेने लखनऊ पहुंचे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, बोले- स्वास्थ्य को लेकर पीएम मोदी भी चिंतित
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की हाल जानने के लिए लखनऊ पहुंचे।

लखनऊ, जेएनएन। अपनी धारदार राजनीति से उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के कल्याण के द्वार खोलने वाले पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के स्वास्थ्य को लेकर पूरी पार्टी फिक्रमंद है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष के साथ गुरुवार देर शाम को लखनऊ पहुंचे। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआइ) में भर्ती वयोवृद्ध नेता का हालचाल जाना और बोले कि कल्याण सिंह के स्वास्थ्य को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी चिंतित हैं।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह कुछ दिनों से अस्वस्थ होने के कारण लखनऊ स्थित एसजीपीजीआइ में भर्ती हैं। लगातार पार्टी के वरिष्ठ नेता उनके देखने के लिए पहुंच रहे हैं। दो बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी जा चुके हैं। इसी क्रम में जेपी नड्डा भी राजकीय विमान से बीएल संतोष के साथ लखनऊ पहुंचे। हवाई अड्डे पर सीएम योगी, भाजपा प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने अमौसी हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी की।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य दिल्ली से ही उनके साथ आए थे। यहां से सभी वरिष्ठ नेता एसजीपीजीआइ पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के स्वास्थ्य का हाल लिया। उनके पौत्र राज्यमंत्री संदीप सिंह से भी इस संबंध में बातचीत की। इसके बाद संस्थान के निदेशक डॉ. आरके धीमन से स्वास्थ्य की स्थिति, इलाज प्रक्रिया आदि की विस्तृत जानकारी ली।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हमारे वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह का इलाज यहां एसजीपीजीआइ में चल रहा है। उन्हें देखने का सौभाग्य मिला। उनके स्वास्थ्य के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी चिंतित हैं। यहां जानकारी मिली है कि पूर्व सीएम की स्थिति अब स्थिर है। स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। दवाइयां असर कर रही हैं। अस्पताल की व्यवस्थाएं भी बहुत अच्छी हैं।

जेपी नड्डा ने कहा कि हम ईश्वर से कामना कर रहे हैं कि हमारे वरिष्ठ नेता जल्द स्वस्थ हों और हमें मार्गदर्शन देते रहें। राष्ट्रीय अध्यक्ष के लखनऊ पहुंचते ही संभावना जताई जाने लगी कि वह कुछ देर के लिए पार्टी कार्यालय भी पहुंच सकते हैं। इसे देखते हुए पदाधिकारियों ने अगवानी की तैयारी शुरू कर दी, लेकिन वह अस्पताल से सीधे हवाई अड्डे पहुंचे और रात में ही दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

लखनऊ के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआइ) में भर्ती पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की हालत स्थिर है। वह यहां सीसीएम के आइसीयू मे भर्ती हैं। गुरुवार से वह डॉक्टरों के बताए कमांड को फॉलो कर रहे हैं और उसे बताने का भी प्रयास कर रहे हैं। क्रिटिकल केयर मेडिसिन के विभागाध्यक्ष समेत कार्डियो, न्यूरो नेफ्रो समेत पांच विभाग अध्यक्षों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। एसजीपीजीआइ के निदेशक डॉक्टर आरके धीमन स्वयं उनकी तबीयत की पल-पल की निगरानी रख रहे हैं।

बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को तीन जुलाई के देर रात लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था, जहां से हालत गंभीर होने के बाद चार जुलाई की शाम संजय गांधी पीजीआइ में शिफ्ट किया गया। उनको सीसीएम (क्रिटिकल केयर मेडिसिन) डिपार्टमेंट के आइसीयू (इंटेंसिव केयर यूनिट) में भर्ती किया गया था। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार कल्याण सिंह के स्वास्थ्य का अपडेट ले रहे हैं। सीएम योगी पहले डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान और फिर संजय गांधी पीजीआइ भी गए थे। पीएम नरेंद्र मोदी ने भी सोमवार को उनके स्वास्थ्य जानकारी ली थी। इसके बाद उन्होंने सीएम योगी से फोन पर वार्ता कर उनकी बेहतर देखभाल का निर्देश भी दिया। बुधवार को भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह ने पीजीआइ पहुंचकर उनका हालचाल जाना।

chat bot
आपका साथी