अनुच्छेद 370 हटाने का असर, हारने वाले बूथों पर भी सदस्यता अभियान में भाजपा ने बनाया रिकार्ड

भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने बताया कि प्रतिदिन औसत तीन लाख सदस्य बनाये जा रहे थे जो अनुच्छेद 370 खत्म होने के बाद छह से सात लाख तक बढ़ गए।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Tue, 13 Aug 2019 07:52 PM (IST) Updated:Wed, 14 Aug 2019 07:56 AM (IST)
अनुच्छेद 370 हटाने का असर, हारने वाले बूथों पर भी सदस्यता अभियान में भाजपा ने बनाया रिकार्ड
अनुच्छेद 370 हटाने का असर, हारने वाले बूथों पर भी सदस्यता अभियान में भाजपा ने बनाया रिकार्ड

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाये जाने के बाद उत्तर प्रदेश के सभी क्षेत्रों में भाजपा के अनुकूल माहौल बना है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने बताया कि सी-ग्रेड के जिन बूथों पर भाजपा हमेशा हारती थी और वहां पार्टी का कोई सदस्य नहीं था, उन बूथों पर भी 60 से 70 फीसद तक सदस्य बनाने में सफलता मिली है।

मंगलवार को सुनील बंसल भाजपा मुख्यालय में सभी क्षेत्र एवं जिलों के सदस्यता प्रमुखों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन औसत तीन लाख सदस्य बनाये जा रहे थे जो अनुच्छेद 370 खत्म होने के बाद छह से सात लाख तक बढ़ गए। पूरे देश में सदस्यता अभियान में उत्तर प्रदेश एक नंबर पर है। मंगलवार दोपहर तक 48 लाख 66 हजार 351 नए सदस्य बनाए जा चुके हैं, जो रात तक 50 लाख पार कर जाएंगे। 20 अगस्त तक चलने वाले अभियान में 80 लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य है।

छह जुलाई से 13 अगस्त तक नए और पुराने मिलाकर कुल एक करोड़ 36 लाख 36 हजार 316 सदस्य बनाए जा चुके हैं। पूरे भारत में सदस्यता में उप्र का हिस्सा लगभग 30 फीसद पार कर रहा है। सदस्यता प्रमुख एवं प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर ने सभी क्षेत्र और जिलों के सदस्यता प्रमुखों से ब्यौरा लिया जबकि प्रदेश महामंत्री व सह प्रमुख गोविंद नारायण शुक्ल ने बैठक का संचालन किया।

शुक्रवार से 25 अगस्त तक होगा सदस्यता सत्यापन

भाजपा शुक्रवार से 25 अगस्त तक प्राथमिक सदस्यता का सत्यापन करेगी। 26 से 31 अगस्त तक सक्रिय सदस्यों का सत्यापन प्रदेश स्तर से किया जाएगा। इस समय पूरे प्रदेश में सेक्टर एवं मंडलों का परिसीमन चल रहा है। इसकी जिम्मेदारी प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक को सौंपी गई है।

एक सितंबर से शुरू होगा संगठनात्मक चुनाव

भाजपा एक सितंबर से संगठनात्मक चुनाव का कार्यक्रम शुरू करेगी। चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन को प्रदेश का चुनाव प्रभारी और प्रदेश मंत्री त्रयम्बक त्रिपाठी और वाईपी सिंह को सह प्रभारी का दायित्व दिया गया है। तीन दिन में बूथ, दो दिन में मंडल और एक दिन में जिले का चुनाव कराया जाएगा। प्रदेश में एक लाख 67 हजार बूथ, 1471 मंडल और 94 जिला इकाइयां हैं। पहली बार बूथों पर भी चुनाव होगा।

स्वतंत्रता दिवस पर मनेगा 370 हटाने का जश्न

इस बार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी घरों, बूथों, वार्डों, मंडल और जिलों में राष्ट्र ध्वज फहराकर 370 हटाने का जश्न मनाया जाएगा। यह बताया जाएगा कि कश्मीर सही मायने में अब आजाद हुआ है। 16 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पहली पुण्य तिथि पर सभी जिला केंद्रों में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी।

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी