अखिलेश मंत्रिमंडल का सातवां विस्तार कल, लखनऊ की बल्ले-बल्ले

राजभवन में कल दिन में 11 बजे से होने वाले इस विस्तार में तीन नये मंत्रियों के साथ बर्खास्त बलराम यादव कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेंगे।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Sun, 26 Jun 2016 12:22 PM (IST) Updated:Sun, 26 Jun 2016 09:26 PM (IST)
अखिलेश मंत्रिमंडल का सातवां  विस्तार कल, लखनऊ की बल्ले-बल्ले

लखनऊ (वेब डेस्क)। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कल अपने मंत्रिमंडल का सातवां विस्तार करेंगे। राजभवन में कल दिन में 11 बजे से होने वाले इस विस्तार में तीन नये मंत्रियों के साथ बर्खास्त बलराम यादव कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेंगे। लखनऊ के दो विधायकों को राज्यपाल राम नाईक कल मंत्री पद की शपथ दिलाएंगे।

अखिलेश यादव के सातवें तथा संभवत: अंतिम मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अटकलें तेज हैं। मंत्रिमंडल में शामिल होने को लेकर विधायक तथा विधान परिषद सदस्य लाबिंग तेज कर रहे हैं। रिक्त चल रहे चार में से एक स्थान मंत्री पद से बर्खास्त बलराम यादव को मिलना तय हैं।

यह भी पढ़ें- अखिलेश मंत्रिमंडल के विस्तार पर कल सपा संसदीय दल की बैठक में लगेगी मुहर

इनके साथ लखनऊ के सरोजनी नगरी से विधायक शारदा प्रताप शुक्ला तथा लखनऊ मध्य से विधायक रविदास मेहरोत्रा का नाम तय हो गया है। बलिया के सिकंदरपुर से करीब बारह वर्ष बाद विधायक बने मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी।

पार्टी के सूत्रों का कहना है सरकार में ब्राह्मणों की हिस्सेदारी बढ़ायी जानी है, लिहाजा लखनऊ के सरोजनीनगर के विधायक शारदा प्रताप शुक्ला के नाम पर मुहर लगी है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश यादव मंत्रिमंडल का सातवां विस्तार 27 को

इस बार विधान परिषद, राज्यसभा में मुसलमानों को नुमाइंदगी न मिलने से उपजे असंतोष को थामने को पूर्वांचल के मुस्लिम विधायक शाकिर अली व गजाला लारी को मंत्री पद मिल सकने की बात थी। इनके बीच बलिया के जियाउद्दीन रिजवी चौंकाने वाला चेहरा हैं। मुख्यमंत्री के कोर ग्रुप के आनंद भदौरिया व सुनील यादव साजन को मंत्री बनाये जाने की चर्चा है। विस्तार में कुछ मंत्रियों का कद बढ़ाया जा सकता है और कई मंत्रियों के विभागों में बदलाव की भी संभावना है।

अखिलेश मंत्रिमंडल की स्थिति

मंत्रिमंडल में स्थान- 60

मंत्रियों की संख्या- 24

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार)-10

राज्यमंत्री- 22

कुल मंत्रियों की संख्या- 56

रिक्त स्थान- 04।

chat bot
आपका साथी