Covid 19 Vaccination in UP: लखनऊ में 18 फरवरी के बाद लगेगी आमजन को वैक्सीन, 50 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को दी जाएगी डोज

स्वास्थ्य विभाग ने लखनऊ में अब 18 फरवरी को फ्रंटलाइन वर्करों का वैक्सीनेशन पूरा कर लेने का लक्ष्य रखा है। इसके बाद 50 वर्ष से अधिक उम्र वाले आमजनों को वैक्सीन दी जाएगी। वहीं 46 हजार से अधिक फ्रंटलाइन वर्करों को लगनी है कोविड वैक्सीन ।

By Rafiya NazEdited By: Publish:Mon, 08 Feb 2021 03:44 PM (IST) Updated:Mon, 08 Feb 2021 03:44 PM (IST)
Covid 19 Vaccination in UP: लखनऊ में 18 फरवरी के बाद लगेगी आमजन को वैक्सीन, 50 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को दी जाएगी डोज
लखनऊ में 18 फरवरी को दूसरे चरण का टीकाकरण पूरा किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।

लखनऊ, जेएनएन। पहले चरण का टीकाकरण पांच फरवरी को ही पूरा किया जा चुका है, जिसमें 51 हजार से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाने का लक्ष्य था। यह बात अलग है कि लक्ष्य के सापेक्ष सिर्फ 32 हजार के आसपास ही टीकाकरण पहले चरण के पांच चक्रों के बाद हो सका। अब दूसरे चरण का पहला चक्र भी पांच फरवरी को पूरा किया जा चुका है, जिसमें करीब 1600 फ्रंटलाइन वर्करों को वैक्सीन की डोज दी गई थी। स्वास्थ्य विभाग ने अब 18 फरवरी को फ्रंटलाइन वर्करों का वैक्सीनेशन पूरा कर लेने का लक्ष्य रखा है। इसके बाद 50 वर्ष से अधिक उम्र वाले आमजनों को वैक्सीन दी जाएगी।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी व अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा एमके सिंह ने बताया कि फ्रंटलाइन वर्करों का टीकाकरण चार चक्रों(दिनों) में पूरा किया जाना है। अब दूसरा चक्र 11, तीसरा 12 व चौथा एवं आखिरी चक्र 18 फरवरी को चलाया जाएगा। इस दौरान 46 हजार फ्रंटलाइन वर्करों के वैक्सीनेशन का लक्ष्य है। इस हिसाब से अगले तीन चक्रों में रोजाना करीब 15-15 हजार फ्रंटलाइन वर्करों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा जाएगा। हालांकि अभी यह तय नहीं किया गया है कि किस दिन कितने वर्करों को वैक्सीन लगाई जाएगी। दूसरे चरण के पहले दिन करीब ढाई हजार वर्करों को वैक्सीन देने का लक्ष्य था। दूसरे चरण के पहले चक्र में करीब 64 फीसद कर्मियों का टीकाकरण हो सका था।

18 फरवरी के बाद लग सकती है आमजनों को वैक्सीन: 18 फरवरी को दूसरा चरण पूरा हो जाने के बाद कोविड वैक्सीन अभियान के तीसरे चरण की शुरुआत हो जाएगी। इसमें 50 वर्ष से अधिक उम्र वाले सभी आमजनों को वैक्सीन दी जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग डेटा जुटा रहा है। लखनऊ में 50 वर्ष से अधिक उम्र वाले आमजनों की संख्या कई लाख हो सकती है। इस लिहाज से तीसरे चरण का अभियान सबसे बड़ा होने का अनुमान है जो अप्रैल व उसके बाद तक भी जारी रह सकता है। छूटे हुए कर्मियों को दिशा-निर्देश के अनुसार अलग-अलग दिनों में वैक्सीन दी जाती रहेगी।

chat bot
आपका साथी