लापरवाही करने पर कृषि विभाग के कर्मचारियों को भरने होंगे 11.60 लाख

प्रति कर्मचारी 60 क्विंटल बिक्री करना था गेहूं का बीज। बीज बिक्री के मामले में शिथिलता बरतने के कारण 689.20 क्विंटल गेहूं का बीज बच गया। जिसे बाद में औने पौने दामों पर नीलाम किया गया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 21 Jul 2020 09:43 PM (IST) Updated:Tue, 21 Jul 2020 09:43 PM (IST)
लापरवाही करने पर कृषि विभाग के कर्मचारियों को भरने होंगे 11.60 लाख
लापरवाही करने पर कृषि विभाग के कर्मचारियों को भरने होंगे 11.60 लाख

लखीमपुर : कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों पर लापरवाही के चलते कार्रवाई का चाबुक चलने वाला है। वर्ष 2017-18 में गेहूं बीज कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों को वितरण के लिए दिया गया था। प्रत्येक कर्मचारी का 60 क्विंटल बीज बिक्री का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। बीज बिक्री के मामले में शिथिलता बरतने के कारण 689.20 क्विंटल गेहूं का बीज बच गया। जिसे बाद में औने पौने दामों पर नीलाम किया गया। बीज वितरण के लिए शत प्रतिशत सभी कर्मचारियों पर प्रत्येक कर्मचारी 60 क्विंटल का दायित्व निर्धारित किया गया था। लापरवाही के चलते करीब 11.67 लाख रुपये का उत्तरदायित्व इन कर्मचारियों पर निर्धारित किया गया है। मामले की जांच कृषि रक्षा अधिकारी डॉ इंद्रेशु गौतम को सौंपी गई है। उन्हें एक माह में जांच पूरी कर देनी है। इस मामले में 19 कर्मचारी आरोपित है, जिसमें धौरहरा के क्षेत्रीय कृषि विभाग के कर्मचारी अवधराम को इसी मामले में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही द्वारा निलंबित भी किया जा चुका है। तत्कालीन जिला कृषि अधिकारी संतोष कुमार वर्मा भी इसी मामले में निलंबित हो चुके हैं।

कृषि रक्षा अधिकारी ने आरोपित कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी की है। इनमें से अवनीश कुमार, सुषमेश कुमार और पंकज कुमार ने अपना जवाब भेजा है। कृषि रक्षा अधिकारी के मुताबिक जिन कर्मचारियों ने अपना स्पष्टीकरण दिया है वह संतोषजनक नहीं है। कृषि विभाग द्वारा उनके ऊपर देय धनराशि का उत्तरदायित्व तय किया गया है। वर्ष 2017-18 में उप कृषि निदेशक कार्यालय से कुल 7672 क्विंटल गेहूं, चना, मटर, मसूर व तोरिया के बीज वितरण के लिए दिए गए थे। लापरवाही के चलते 689.20 क्विंटल गेहूं का बीज अवशेष रह गया। 19 कर्मचारियों पर 11 लाख 66 हजार 939 रुपये 60 पैसे की देयता निर्धारित की गई है। यह धनराशि राजस्व की तरह वसूल की जाएगी।

नकहा के रमाकांत, नरेंद्र कुमार, नैमिष राज, प्रदीप कुमार और प्रभारी राजकीय कृषि बीज भंडार नकहा पर 118234 प्रति व्यक्ति देयता निर्धारित की गई है। धौराहरा के राजकीय कृषि बीज भंडार के प्रभारी अवध राम पर 239904 रुपये निर्धारित किए गए हैं।

chat bot
आपका साथी