कुशीनगर में अभाविप ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का फूंका पुतला

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पर इंटरनेट मीडिया पर संघ का गुंडा बताने को लेकर थे आक्रोशित प्रदेश अध्यक्ष समर्थकों से झड़प सीओ के हस्तक्षेप से मामला हुआ शांत।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 11 Apr 2021 11:52 PM (IST) Updated:Sun, 11 Apr 2021 11:52 PM (IST)
कुशीनगर में अभाविप ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का फूंका पुतला
कुशीनगर में अभाविप ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का फूंका पुतला

कुशीनगर : कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक अजय कुमार लल्लू द्वारा इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट डालकर अभाविप कार्यकर्ताओं को संघ के पाले हुए गुंडे बताने पर नाराज कार्यकर्ताओं ने रविवार की सुबह सेवरही उपनगर स्थित आवास के सामने नारेबाजी करते हुए विधायक का पुतला फूंका।

कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष के समर्थक उनसे उलझ गए और अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। सूचना पर चौकी प्रभारी पुरुषोत्तम राव पुलिस बल के साथ पहुंचे व एक दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले आए। विधायक के पक्ष के लोगों का आरोप है कि अभाविप के कार्यकर्ता विधायक के घर में घुसने का प्रयास कर रहे थे। घटना के बाद आक्रोशित अभाविप कार्यकर्ता पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग करने लगे। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी फूलचंद कनौजिया व थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, तो कार्यकर्ता शांत हुए। जिला संयोजक सागर जायसवाल, जिला संगठन मंत्री वीर प्रताप सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मुकुल, नगर अध्यक्ष सौरभ, नगर मंत्री राजधीर, अभिषेक शुक्ल, जिला सह संयोजक आशीष, सर्वेश, कुंदन, सुजीत, संदीप, नीतीश,अजय, वारिस, पिकू, शुभम आदि मौजूद रहे।

पंचायत चुनाव में मजबूती से जुटें कार्यकर्ता: घनश्याम

बसपा कार्यकर्ताओं की बैठक रविवार को पडरौना नगर स्थित पार्टी कार्यालय में हुई, जहां पंचायत चुनाव पर चर्चा की गई। पूर्व सांसद व मुख्य सेक्टर प्रभारी घनश्याम चंद खरवार ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में कार्यकर्ता जी जान से जुट जाएं।

उन्होंने कहा कि पार्टी प्रमुख पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की नीतियों से जन-जन को अवगत कराएं। बताएं कि दबे, कुचले तथा शोषित व वंचित लोगों का उत्थान ही बसपा का मकसद है। अधिक से अधिक उम्मीदवारों को जीत दिलाकर हम पार्टी को और मजबूत बनाएं। बैठक को मुख्य सेक्टर प्रभारी सुधीर कुमार भारती, पूर्व सांसद बालेश्वर यादव, सुरेश चंद भारती, असगर अली, मुकेश्वर उर्फ पप्पू मद्धेशिया, शाहिद लारी ने भी संबोधित किया। बैठक के दौरान दूसरे दलों से आए अयोध्या प्रसाद, डा.कृष्ण मोहन सिंह ने बसपा की सदस्यता ग्रहण की। आम सहमति से मुन्ना प्रसाद को जिला सचिव विधानसभा क्षेत्र कुशीनगर, बैजू प्रसाद को जिला सचिव रामकोला, समरेंद्र सिंह सैंथवार को विधानसभा अध्यक्ष रामकोला मनोनीत किया गया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रमेश कुमार ने की।

तीन निष्कासित

बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष रमेश कुमार ने पार्टी के कादिर, डा.यशवंत कुमार तथा दुर्गेश यादव के निष्कासित किए जाने की जानकारी दी। बताया कि ये लोग पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त थे। पार्टी प्रमुख के निर्देश पर इन्हें निष्कासित कर दिया गया है।

chat bot
आपका साथी