सत्यापन में मिले 2500 फर्जी खाते

गन्ने की पड़ताल के बाद समिति स्तर पर हुई जांच में ये फर्जी खाते चिह्नित किए गए हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 12 Dec 2020 01:08 AM (IST) Updated:Sat, 12 Dec 2020 01:08 AM (IST)
सत्यापन में मिले  2500 फर्जी खाते
सत्यापन में मिले 2500 फर्जी खाते

कुशीनगर: किसानों से औने-पौने दामों पर गन्ना खरीदकर फर्जी खाता के आधार पर चीनी मिल को आपूर्ति देने वाले माफिया के मंसूबों पर पानी फिर गया। गन्ना विभाग ने सत्यापन में 2500 खाते फर्जी पाए। शुक्रवार को जिला गन्ना अधिकारी वेद प्रकाश सिंह ने सदस्यता समाप्त करते हुए आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने का सचिवों को निर्देश दिया है। गन्ने की पड़ताल के बाद समिति स्तर पर हुई जांच में ये फर्जी खाते चिह्नित किए गए हैं। इसकी रिपोर्ट आने के बाद हुई बड़ी कार्रवाई से माफिया में हड़कंप मचा हुआ है। माना जा रहा है कि अभी और खातों की जांच हो सकती है। और लोगों की सदस्यता समाप्त की जाएगी। डीसीओ ने सभी सचिवों को निर्देशित किया है कि सभी खातों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि फर्जी खाता संचालित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

जिला गन्ना अधिकारी वेद प्रकाश सिंह ने कहा कि समितियों पर अब भी घोषणा पत्र व नाम में संशोधन की शिकायतें आ रही हैं। किसानों को चाहिए कि वे अपने जरूरी कागजात समितियों पर जमा करा दें, ताकि समय के अंदर उसे दुरुस्त करा लिया जाए। मातहतों को चेताया कि किसानों को समय से एसएमएस उपलब्ध कराएं, अन्यथा दोषी के खिलाफ कार्रवाई होगी। कंट्रोल रूम में दर्ज कराएं शिकायत

किसानों की समस्याओं के निस्तारण के लिए गन्ना विभाग में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जिसमें दूरभाष नंबर 05564242238 पर किसान सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक दो शिफ्टों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

chat bot
आपका साथी