खेत जा रहे युवक को रास्ते में रोककर मारी गोली

सराय अकिल के कोटिया गांव में पुरानी दुश्मनी के चलते बुधवार को साइकिल पर खेत की ओर जा रहे युवक को गोली मार दी गई। हमले में घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 12 Aug 2020 11:44 PM (IST) Updated:Thu, 13 Aug 2020 06:10 AM (IST)
खेत जा रहे युवक को रास्ते में रोककर मारी गोली
खेत जा रहे युवक को रास्ते में रोककर मारी गोली

कौशांबी : सराय अकिल के कोटिया गांव में पुरानी दुश्मनी के चलते बुधवार को साइकिल पर खेत की ओर जा रहे युवक को गोली मार दी गई। हमले में घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वजनों ने गोली मारने का आरोप प्रधान पति व पुत्र समेत चार लोगों पर लगाया है। इस घटना में पुलिस को मुकदमा लिखने के लिए मेडिकल रिपोर्ट का इन्तजार है।

कोटिया गांव निवासी कंधई लाल पुत्र रामबाबू का उसके पड़ोसी रामचंद्र से जमीन का काफी पुराना विवाद बना है। कंधई व रामचंद्र दोनों ने ही तालाबी नंबर की भूमि पर कब्जा कर मकान बनवा रखा है। तालाब में कब्जे की शिकायत पर पखवाड़े भर पूर्व ही तहसीलदार श्याम कुमार ने दोनों को नोटिस भेजकर भूमि खाली करने की चेतावनी दी। इसके बाद भी वह भूमि पर रास्ते को लेकर लड़ते आ रहे हैं। शनिवार को भी दोनों पक्ष के बीच तनातनी का माहौल बना था। पुलिस ने शांति भंग में इनके खिलाफ कार्रवाई भी की थी। बुधवार सुबह दोनों पक्ष फिर से आमने सामने आ गए। कंधई लाल के पुत्र बृजेश कुमार के अनुसार उनका भाई राजेंद्र बुधवार को साइकिल पर खेत की ओर जा रहा था। वह गांव के बाहर बनी पुलिया के पास पहुंचा तभी गांव के प्रधान पति व उनके पुत्र ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर राजेंद्र को रोक लिया। मारने की नियत से हवाई फायरिग शुरू कर दी। गाली गलौज करते हुए पकड़ने का प्रयास किया। राजेंद्र भागा तो एक व्यक्ति ने पीछे से उस पर गोली चला दी। गोली सीधे राजेंद्र के सिर में जा धंसी। वह जख्मी होकर गिर गया। इसके बाद आरोपितों ने धारदार हथियार से मारना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों को आता देख सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल राजेंद्र के स्वजन उसे इलाज के लिये निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस ने घायल का बयान दर्ज कर लिया है। भाई बृजेश ने ग्राम प्रधान पति व पुत्र समेत दो अन्य के खिलाफ गोली मारने की तहरीर दी है। वहीं मामले में एसओ विजय विक्रम सिंह का कहना है कि राजेंद्र को तमंचे की मुठिया से मारा गया है। गोली नहीं लगी है। फिलहाल मेडिकल परीक्षण रिपोर्ट का इन्तजार है। उसके बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई होगी।

chat bot
आपका साथी