पुलिस कस्टडी में गांजा रखने के आरोपित की मौत

कौशांबी सैनी कोतवाली पुलिस द्वारा गांजा के साथ पकड़े गए एक आरोपित की पुलिस कस्टडी में संदिग्धवस्था में मौत हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 23 Feb 2020 11:09 PM (IST) Updated:Sun, 23 Feb 2020 11:09 PM (IST)
पुलिस कस्टडी में गांजा रखने के आरोपित की मौत
पुलिस कस्टडी में गांजा रखने के आरोपित की मौत

कौशांबी : सैनी कोतवाली पुलिस द्वारा गांजा के साथ पकड़े गए एक आरोपित की पुलिस कस्टडी में संदिग्ध हाल में मौत हो गई। पुलिस अधिकारी हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जाहिर कर रहे हैं। परिवार के लोगों ने मामले में किसी तरह का कोई आरोप नहीं लगाया है।

सैनी क्षेत्र के कनवारी गांव निवासी राजेंद्र सिंह की कई साल पहले मौत हो चुकी है। उसका 45 वर्षीय बेटा रिकू सिंह खेती कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके चाचा बचोली सिंह के मुताबिक रिकू काफी समय से गांजा व शराब का आदी हो गया था। नशा करने के साथ वह पुड़िया बनाकर गांजा भी बेचता था। इसके चलते परिवार के लोग उससे नाखुश रहा करते थे। अझुवा चौकी प्रभारी पंधारी सरोज ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार की दोपहर रिकू सिंह को गिरफ्तार कर लिया। चौकी प्रभारी के मुताबिक उसके पास से सवा किलो ग्राम गांजा बरामद हुआ था। आरोपित को पुलिस ने सैनी कोतवाली लाकर लॉकअप में बंद कर दिया था। रविवार की दोपहर उसको लघुशंका लगी तो लॉकअप से बाहर निकाला गया। चौकी प्रभारी की मानें तो लघुशंका के बाद रिकू सिंह ने बताया कि उसको चक्कर आ रहा है और सीने में दर्द है। इतना कहते ही उसकी हालत बिगड़ने लगी। यह देखकर परिवार वालों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में रिकू को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रिकू ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी होने पर मृतक के चाचा बचोली सिंह अस्पताल पहुंचे। उन्होंने किसी तरह का कोई आरोप नहीं लगाया। वहीं परिवार का कोई सदस्य अस्पताल नहीं आया। पुलिस ने मृतक को पोस्टमार्टम के लिए भेज। इस संबंध में सीओ सिराथू रामवीर सिंह का कहना है कि आरोपित के हार्ट का मरीज होने की आशंका जताई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण साफ हो पाएगा। परिवार के लोगों ने भी अब तक कोई आरोप नहीं लगाया है।

chat bot
आपका साथी