जमकर बरसे बदरा, खुशगवार कर गए मौसम

जागरण संवाददाता कानपुर देहात पिछले दो दिनों से जमकर हो रही बारिश ने मौसम को खुशगव

By JagranEdited By: Publish:Thu, 13 Aug 2020 07:41 PM (IST) Updated:Thu, 13 Aug 2020 07:41 PM (IST)
जमकर बरसे बदरा, खुशगवार कर गए मौसम
जमकर बरसे बदरा, खुशगवार कर गए मौसम

जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : पिछले दो दिनों से जमकर हो रही बारिश ने मौसम को खुशगवार कर दिया है। बारिश के कारण तापमान में भी पांच डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट आ चुकी है। इससे जहां लोगों को गर्मी व उमस से निजात मिली है। वहीं फसलों की सिचाई से कुछ दिन की मुक्ति मिलने के बाद वह भी राहत महसूस कर रहे हैं।

गुरुवार को जनपद के अकबरपुर, रूरा, डेरापुर, शिवली, रनियां, झींझक, रसूलाबाद, पुखरायां सहित अन्य स्थानों पर झमाझम बारिश हुई। करीब दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आ चुकी है। सोमवार को 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास तापमान था वहीं दो दिनों की बारिश के बाद तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट आ चुकी है। अब तक लोग उमस व गर्मी से जूझ रहे थे, वहीं तापमान में कमी होने के कारण लोगों को इससे राहत मिली है। बुधवार व गुरुवार को दिन व रात में कई बार हुई बारिश से फसलों की सिचाई भी बच गई है। अब तक जो किसान धान, मक्का, बाजरा सहित अन्य फसलों की सिचाई कर रहे थे, लेकिन झमाझम बारिश के बाद करीब एक सप्ताह तक उन्हें सिचाई नहीं करनी पड़ेगी। गुरुवार को सुबह से ही शुरू हुई बारिश के बाद लोगों को जलभराव की समस्या का सामना जरूर करना पड़ा। जल निकासी के समुचित प्रबंध न होने के कारण अकबरपुर कस्बा के नयागंज मोहल्ला, अंडरपास चौराहा, जिला अस्पताल परिसर व आसपास का क्षेत्र, नवीपुर, रनियां सहित अन्य स्थानों में जलभराव हो गया। वहीं रसूलाबाद, रूरा, रनियां, शिवली सहित अन्य स्थानों में नालियां चोक होने के कारण दुकानों के अंदर पानी भर गया। बारिश होने के बाद रूरा रेलवे क्रॉसिग के पास कीचड़ होने से लोगों को आवाजाही में समस्या का सामना करना पड़ा। पैदल आवागमन करने वाले लोग गिरकर चुटहिल भी हुए। चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी एसएन पांडेय सुनील ने बताया कि चक्रवाती हवा में हुए परिवर्तन के बाद मौसम की संभावनाएं बनी हुई हैं।

chat bot
आपका साथी