कानपुर का जर्रा-जर्रा संजोएगा अटल जी की स्मृतियां

पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का कानपुर से गहरा नाता था।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 21 Aug 2018 01:23 AM (IST) Updated:Tue, 21 Aug 2018 01:23 AM (IST)
कानपुर का जर्रा-जर्रा संजोएगा अटल जी की स्मृतियां
कानपुर का जर्रा-जर्रा संजोएगा अटल जी की स्मृतियां

जागरण संवाददाता, कानपुर : पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का कानपुर से गहरा नाता था। अब वह दुनिया में नहीं है लेकिन उनकी शख्सियत पर गुरूर करने वाला कानपुर उस रिश्ते को सदा-सदा के लिए यादगार बना देना चाहता है, इसीलिए जर्रे-जर्रे में उनकी स्मृतियां संजोने की तैयारी है। नगर निगम सदन ने सर्वसम्मति से तय किया है कि शहर के वीआइपी रोड समेत कई प्रमुख स्थलों को अटल जी के नाम पर जाना जाएगा। सोमवार को सदन में सदस्यों ने एक स्वर में सहमति की मुहर लगा दी।

शहर के मोहल्लों व गलियों में रमे-बसे अटल जी की यादों को हर कोई जीवंत रखना चाहता है। सदन ने चौराहे, घाट, रोड, उपवन, पुल का नाम उनके नाम पर करने और प्रतिमा लगाने का फैसला लिया है। इसके लिए महापौर प्रमिला पांडेय ने प्रस्ताव रखा। जूही पुल का नामकरण अटल जी के नाम पर करने का प्रस्ताव कार्यकारिणी सभापति नवीन पंडित ने रखा।

इससे पूर्व अटल जी के चित्र पर जनप्रतिनिधियों, अफसरों व कर्मचारियों ने पुष्पांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इन प्रस्तावों को हरी झंडी

- वीआइपी रोड का नाम अटल मार्ग होगा।

- बड़ा चौराहा अटल चौक के नाम से जाना जाएगा।

- लवकुश बैराज स्थित नव निर्मित घाट होगा अटल घाट।

- शेखपुर (जाजमऊ) में 30 एकड़ जमीन पर नगर निगम ने पौधे लगाए हैं। इसका नाम अटल उपवन होगा।

- उत्तर-दक्षिण शहर को जोड़ने वाले जूही पुल अटल पुल कहलाएगा।

- तुलसी उपवन मोतीझील में अटल जी की प्रतिमा लगेगी।

...

चबूतरे के आसपास से हटाया जाए अतिक्रमण

दुर्गा देवी गली पीरोड में अटल जी अपने गुरु जी के घर के बाहर चबूतरे पर बैठते थे भाजपा पार्षद दल के नेता महेंद्र शुक्ल ने अतिक्रमण हटवाने की मांग उठाई। महापौर ने अफसरों को कब्जे हटवाने के निर्देश दिए। पार्षद महेंद्र पांडेय ने पालिका स्टेडियम बृजेंद्र स्वरूप पार्क का नाम अटल जी के नाम पर करने का प्रस्ताव रखा।

chat bot
आपका साथी