कलेक्ट्रेट में आग का गोला बन दौड़ा युवक

जागरण संवाददाता, कानपुर : कलेक्ट्रेट परिसर में शनिवार शाम एक युवक ने खुद पर मिंट्टी का तेल डालकर आग

By JagranEdited By: Publish:Sun, 26 Feb 2017 01:10 AM (IST) Updated:Sun, 26 Feb 2017 01:10 AM (IST)
कलेक्ट्रेट में आग का गोला बन दौड़ा युवक
कलेक्ट्रेट में आग का गोला बन दौड़ा युवक

जागरण संवाददाता, कानपुर : कलेक्ट्रेट परिसर में शनिवार शाम एक युवक ने खुद पर मिंट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। आग का गोला बने युवक को दौड़ते देख वहां मौजूद पुलिस कर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस कर्मियों ने किसी तरह आग बुझाई और एडीएम सिटी की गाड़ी से उसे उर्सला अस्पताल ले गए। जहां उसने खुद को आरटीआइ कार्यकर्ता बता सपा नेता एवं भीतरगांव की ब्लाक प्रमुख और उनके पति पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उसने बताया कि शिकायतों का निस्तारण नहीं होने से क्षुब्ध होकर उसने यह कदम उठाया।

कलेक्ट्रेट स्थित पोर्टिको के पास शाम करीब चार बजे आग की लपटों से घिरा एक युवक कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पार्क के बगल की गली से निकलता हुआ पोर्टिको की तरफ दौड़ा। युवक को देख पुलिस कर्मी, कलेक्ट्रेट कर्मचारी और अधिवक्ता उसे बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे। इसी बीच पुलिस कर्मियों ने एडीएम सिटी की कार में रखे कंबल को उसके ऊपर डालकर आग बुझाई। एडीएम सिटी ने उसे उर्सला अस्पताल भेजा। उर्सला में भर्ती भीतरगांव ब्लाक के त्रिलोकीपुर गांव के राहुल अवस्थी (33) ने खुद को आरटीआइ कार्यकर्ता बताया। राहुल का आरोप है कि गांव के प्रधान अशोक सचान और उनकी ब्लाक प्रमुख पत्‍‌नी रानी सचान व उनके छोटे भाई डा. अरविंद सचान की मिलीभगत से गांव में मनरेगा योजना में भ्रष्टाचार हो रहा है। बताया कि इसकी शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय के साथ मंडलायुक्त व जिलाधिकारी कार्यालय में की थी। अभी तक कार्रवाई नहीं हुई।

''उसकी कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उसके आरोपों की जांच कराई जाएगी। फिलहाल आत्मदाह की कोशिश का मुकदमा दर्ज कराया गया है। कुछ तथाकथित अधिवक्ता भी लोगों को आत्मदाह के लिए प्रेरित करते हैं। ऐसे में अज्ञात अधिवक्ताओं के विरुद्ध भी मुकदमा किया गया है।

- कौशल राज शर्मा, डीएम

chat bot
आपका साथी