Auraiya में छात्र की मौत पर बवाल, शरारती तत्वों ने माहौल बिगाड़ने का किया प्रयास, पुलिस की गाड़ी में लगाई आग

औरैया के अछल्दा में छात्र की मौत के बाद विरोध प्रदर्शन के दौरान शरारती तत्वों ने पुलिस की गाड़ी में आग लगा दी। माहौल बिगड़ने पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए भगाया है। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Sep 2022 10:13 PM (IST) Updated:Mon, 26 Sep 2022 10:22 PM (IST)
Auraiya में छात्र की मौत पर बवाल, शरारती तत्वों ने माहौल बिगाड़ने का किया प्रयास, पुलिस की गाड़ी में लगाई आग
औरैया में छात्र की मौत के बाद भारी बवाल।

औरैया, जागरण संवाददाता। अछल्दा में शिक्षक की पटाई से छात्र की मौत मामले में देर शाम आदर्श इंटर कालेज के बाहर भीम आर्मी के पदाधिकारियों द्वारा शव रखकर प्रदर्शन किया जा रहा था। इसी बीच शरारती तत्वों ने पुलिस की जीप में आग लगा दी।

जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए भीड़ को दौड़ा लिया। सड़क पर इस दौरान तनाव की स्थिति रही। कुछ पत्थर भी चले। फिलहाल पुलिस ने स्थिति पर काबू पा लिया है।

रात सवा नौ बजे के करीब प्रदर्शन कर रहे भीड़ के बीच कुछ शरारती तत्वों ने पुलिस पर पत्थर फेकने शुरू कर दिए। इस पर पुलिस की ओर से सख्ती दिखाते हुए लाठी चार्ज करने की चेतावनी दी गई। एकाएक माहौल बिगड़ गया। इसी बीच ऐरवाकटरा थाना की खड़ी पुलिस जीप में आग लगा दी गई।

मौके पर तैनात पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने मोर्चा संभाला। भीड़ को खदेड़ते हुए पीड़ित स्वजन को घर पहुंचाया। वहीं दो दर्जन से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया। जिन्हें थाना ले जाया गया। सर्विलांस टीम भी मौके पर है।

साजिश की संभावना को देखते हुए कुछ लोगों के मोबाइल की काल डिटेल खंगालना शुरू किया गया है। कुछ लोग अफरातफरी के बीच विद्यालय की बिल्डिंग पर चढ़ गए। जिन्हें पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद नीचे उतारा जा सका।

लाइन आर्डर को मेनटेन रखने के लिए वैशौली गांव से लेकर अछल्दा कस्बा में भारी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती बढ़ा दी गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि उत्पात मचाने वाले किसी भी शरारती तत्व को बक्शा नहीं जाएगा। साजिश की आशंका को देखते हुए जांच शुरू की गई है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। 

chat bot
आपका साथी