Night Curfew In Kanpur: कानपुर में लागू हुआ नाइट कर्फ्यू, इंटर तक स्कूल भी बंद, जानें- किन सेवाओं को रहेगी छूट
Night Curfew In Kanpur जिलाधिकारी आलोक तिवारी ने बताया कि कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए 12वीं तक के स्कूल बंद करने के आदेश दिए गए हैं। हालांकि जहां परीक्षाएं चल रही हैं वहां कोविड गाइड लाइन के हिसाब से परीक्षा संचालित हो सकेंगी।
कानपुर, जेएनएन। Night Curfew In Kanpur कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार रात निर्देश जारी कर दिए। इसके बाद कानपुर में भी रात्रिकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया गया। देर रात स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद जिलाधिकारी ने रात दस बजे से सुबह छह बजे तक रात्रिकालीन कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया। हालांकि इस दौरान आवश्यक सेवाओं से जुड़े परिवहन पर रोक नहीं होगी।
इनको रहेगी छूट: जिलाधिकारी आलोक तिवारी ने बताया कि कानपुर में रात्रिकालीन कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया है। कानपुर कमिश्नरेट के अलावा कानपुर आउटर में भी रात्रिकालीन कर्फ्यू रहेगा। यह व्यवस्था सात अप्रैल से ही लागू कर दी गई है। इस दौरान केवल आवश्यक सेवाओं जैसे एंबुलेंस और आवश्यक वस्तुओं जैसे दूध, सब्जी, फल, दवा, पेट्रोलियम आदि को ले जाने वाले वाहनों का परिवहन हो सकेगा। निजी वाहनों का प्रयोग पूरी तरह से बंद रहेगा। सुबह छह बजे से रात दस बजे तक कोविड प्रोटोकाल के साथ कामकाज होते रहेंगे।
अप्रैल के बाद किया जाएगा पुन: विचार: जिलाधिकारी ने बताया कि यह व्यवस्था 30 अप्रैल तक लागू रहेगी। इसके बाद हालातों को देखते हुए आगे का फैसला लिया जाएगा। कोविड गाइडलाइन के मुताबिक रात्रि कालीन शिफ्ट में काम करने वाले सरकारी और अर्ध सरकारी कर्मचारियों को रात्रि में आवागमन की छूट मिलेगी, लेकिन इस दौरान उन्हें अपना परिचय पत्र दिखाना होगा। वहीं रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, एयरपोर्ट से आने-जाने वाले अपना टिकट दिखाकर आ-जा सकेंगे।
12वीं तक स्कूल बंद, परीक्षाएं होंगी: जिलाधिकारी आलोक तिवारी ने बताया कि कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए 12वीं तक के स्कूल बंद करने के आदेश दिए गए हैं। हालांकि जहां परीक्षाएं चल रही हैं, वहां कोविड गाइड लाइन के हिसाब से परीक्षा संचालित हो सकेंगी। परीक्षाएं व प्रैक्टिकल के बाद स्कूल बंद हो जाएंगे।
विशेषज्ञों की राय: जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. आरबी सिंह ने बताया कि संक्रमण की चेन को तोडऩे के लिए यह बेहतर शुरुआत है। दिन के समय भीड़-भाड़ काफी रहती है, लेकिन उस समय कर्फ्यू लगाने से लोगों की समस्या बढ़ेगी। संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इसको रोकना आवश्यक है। आमजन मास्क लगाएं, शारीरिक दूरी का पालन करें और किसी तरह की समस्या नजर आने पर अपनी जांच कराएं। यह तरीका अपनाकर कोविड के केसों को बढऩे से रोका जा सकता है। नर्सिंगहोम एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. एमके सरावगी ने बताया कि शासन की ओर से सही निर्णय है। वैक्सीनेशन की प्रक्रिया को और तेजी से बढ़ाया जाए तो संक्रमण को पैर पसारने का मौका नहीं मिलेगा। लोग सतर्क रहें। भीड़-भाड़ वाली जगहों से जाने से बचें। अगर किसी के संपर्क में आ गए हों तो तुरंत अपनी जांच कराएं। कोरोना के संक्रमण को मिलकर रोका जा सकता है।
इन लोगों को मिलेगी आने- जाने में छूट
इनके लिए ई-पास अनिवार्य:
लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू के बीच का अंतर: लॉकडाउन आपातकालीन व्यवस्था होती है। इसका निर्णय शासन स्तर पर होता है। यह व्यवस्था 24 घंटे लगातार लागू रहती है। लॉकडाउन के जरूरी सेवाएं बंद नहीं की जाती हैं। मेडिकल सेवाएं, बैंक, डेयरी, दवाएं, राशन, फल-सब्जी जैसे जरूरी सामान की दुकानें खुलती हैं। इस बीच लोगों से घर में ही रहने की अपील की जाती है। सिर्फ आवश्यक वस्तुओं के लिए ही बाहर निकलने की अनुमति होती है। जबकि नाइट कर्फ्यू में लोगों को घरों से बाहर जाने की अनुमति नहीं होती । रात्रि कर्फ्यू में कुछ छूट बहुत कम देर के लिए दी जाती है। जिसमें सिर्फ वही सेवा चालू रहती है, जो बेहद जरूरी होती है। मेडिकल और अन्य जरूरी सेवाएं। इसमें लोगों को हिदायत होती है कि सड़क पर न निकलें और भीडऩ लगाएं। रात्रि कर्फ्यू का उल्लंघन करने वाले की गिरफ्तारी हो सकती है और जुर्माना भी लगाया जा सकता है।