वीडियो कांफ्रेंसिंग बनी निकाह का माध्यम, दुबई के आसिम की हुईं शहर की तूबा

लॉकडाउन के बीच शारीरिक दूरी व सादगी से हुआ निकाह पहले 12 अप्रैल को दुबई में होना था निकाह।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Fri, 29 May 2020 04:20 PM (IST) Updated:Sat, 30 May 2020 09:44 AM (IST)
वीडियो कांफ्रेंसिंग बनी निकाह का माध्यम, दुबई के आसिम की हुईं शहर की तूबा
वीडियो कांफ्रेंसिंग बनी निकाह का माध्यम, दुबई के आसिम की हुईं शहर की तूबा

कानपुर, जेएनएन। सूचना प्रौद्योगिकी ने हजारों किमी की दूरियों को खत्म कर दिया है। यही कारण है कि लॉकडाउन के बीच कोई भी काम रुक नही रहा है। गुरुवार को दुबई के रहने वाले आसिम ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए शहर की बेटी तूबा से निकाह कर लिया। वर व वधू के घरों में शारीरिक दूरी व सादगी के साथ यह शादी संपन्न हुई।

300 लोगों के टिकट की बुकिंग थी दुबई के लिए

चर्म उद्यमी असद इराकी ने बताया कि उनकी बेटी की शादी पहले 12 अप्रैल को तय थी। कार्ड भी छप चुके थे। दुबई का पांच सितारा होटल जुबैरा मदीना इसके लिए बुक किया गया था। कानपुर से 300 मेहमानों के जाने की बुकिंग भी कराई जा चुकी थी। लॉकडाउन के कारण यह सभी रद करना पड़ा। फिर दोनों परिवारों से विचार किया कि लॉकडाउन कब तक चलेगा यह अभी तय नहीं है। इसलिए अपने देशों में रहकर ऑनलाइन निकाह कर लिया जाए।

लॉकडाउन के बाद होगी विदाई की रस्म

लॉकडाउन के बाद विदाई की रस्म पूरी कर ली जाएगी। सहमति बनने के बाद गुरुवार को उन्होंने जाजमऊ अशर्फाबाद स्थित अपने आवास से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बेटी का निकाह किया। दोनों तरफ के मौलवियों ने निकाह पढ़ा और शादी हो गई। कोरोना वायरस के लिए दिए गए दिशा निर्देश के तहत यह निकाह हुआ। निकाह के लिए 20 मेहमानों की स्वीकृति ली गई। शादी में जो खर्चे होने थे वह ऑनलाइन निकाह के कारण बच गए, जिन्हेंं अब समाज सेवा में लगाया जाएगा। 

chat bot
आपका साथी