Kanpur Weather Update: अरब सागर से बढ़ रही हवाएं, दो दिन बाद धूल भरी अांधी के आसार
कानपुर शहर में मौसम का मिजाज अभी स्थिर नहीं है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार चढ़ाव का सिलसिला जारी है । फिलहाल सुबह और शाम को हल्की ठंडक और दोपहर में चटक धूप से गर्मी रहेगी ।
कानपुर, जेएनएन। शहर के मौसम में गर्माहट आ गई है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी जारी है। हवा सामान्य से तेज चल रही है, जबकि आर्द्रता कम हो गई है। मौसम विभाग की मानें तो दो दिन बाद धूल भरी तेज हवाएं चलने के आसार हैं। सुबह और शाम को हल्की ठंडक होगी, जबकि दोपहर में चटक धूप निकलेगी। अत्याधिक ऊंचाई पर बादल छाए हुए हैं लेकिन उनका असर न के बराबर रहेगा।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक राजस्थान के पास चक्रवाती हवा का क्षेत्र बना हुआ है। यह पहाड़ों से आ रही हवा को अपनी ओर खींच रहा है। दक्षिणी भारत की ओर टर्फ रेखा बनी हुई है, जिसके जद में तमिलनाडु आ रहा है। राजस्थान और अरब सागर के नमी लिए हवा मैदानी क्षेत्रों की ओर बढ़ रही हैं। दो दिन बाद धूल भरी आंधी चलने के आसार हैं। उत्तर पश्चिमी हवा फिर से चलने लगेगी। शनिवार को अधिकतम तापमान 31.2, न्यूनतम 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम आर्द्रता 71 फीसद रिकार्ड हुई। हवा 7.5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली।
मौसम विभाग के अनुसार एक के बाद एक करके तीसरा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। उसके प्रभाव से जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी और वर्षा के आसार हैं। उत्तर पश्चिमी हवा बिल्कुल रूक गई है। पहाड़ों पर पहले और दूसरे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जमी बर्फ से ठंडी हवा मैदानी क्षेत्रों की ओर आनी शुरू हो गई हैं। हालांकि इसका असर दिल्ली, पंजाब, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंशिक रूप से रहेगा।