Kanpur Weather Update: फिर बदल सकता है मौसम का मिजाज, छा सकते हैं बादल और आंधी की भी संभावना

मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ उत्तराखंड से आगे की ओर निकल गया है। इससे आने वाले दिनों में आसमान में बादल छा सकते हैं और हवा की गति भी 40 किमी प्रति घंटे से ज्यादा रहेगी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी उतार चढ़ाव रहेगा।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Wed, 07 Apr 2021 09:49 AM (IST) Updated:Wed, 07 Apr 2021 09:49 AM (IST)
Kanpur Weather Update: फिर बदल सकता है मौसम का मिजाज, छा सकते हैं बादल और आंधी की भी संभावना
कानपुर में मौसम बदलने के साथ तेज चल सकती है।

कानपुर, जेएनएन। शहर में मौसम का मिजाज अभी स्थिर नहीं है, फिजाओं में हल्की सी ठंडक है लेकिन तापमान बढ़ने से गर्मी भी सताने लगी है। उत्तराखंड से आगे पश्चिमी विक्षोभ निकलने से आने वाले दो दिन में आसमान में बदली छाई रह सकती हैं और आंधी चलने की भी संभावना जताई जा रही है। इस वजह से तापमान में भी उतार चढ़ाव बना रह सकता है।

मौसम विभाग की मानें तो अगले दो दिन मौसम में फिर से हल्का परिवर्तन देखने को मिल सकता है। आसमान में अत्याधिक ऊंचाई पर थोड़े बादल छाए रहने के आसार हैं, जबकि आंधी की तरह तेज हवा चलने की आशंका है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार चढ़ाव होगा, जबकि हवा में नमी का स्तर बढ़ेगा। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ चीन की ओर चला गया है।

इससे प्रभाव से राजस्थान के ऊपर क्षेत्रीय चक्रवात बना हुआ है। यह पहाड़ों की ठंडी और रेगिस्तान की गर्म हवाओं को खींचकर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों की ओर ले जा रहा है। राजस्थान और गुजरात के पास हीटवेव बना हुआ है। इससे हवा की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास हो गई है। यह अपने साथ धूल उड़ाते हुए लाएगी।

उन्होंने बताया कि कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, इटावा, औरैया, फर्रुखाबाद, हरदोई, फतेहपुर आदि शहरों में हवा 30 किमी प्रति घंटे की गति से चलेगी। बांग्लादेश के पास चक्रवात बना हुआ है, जबकि अरब सागर के ऊपर एंटी साइक्लोन सक्रिय है। उत्तर दक्षिण ट्रफ रेखा दक्षिण केरल से मध्य महाराष्ट्र तक बनी हुई है। यहां हल्की बारिश का अनुमान है। डॉ. पांडेय के मुताबिक मंगलवार को कानपुर में अधिकतम तापमान 40.8, न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। हवा छह किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। अधिकतम आर्द्रता 42 फीसद रही।

chat bot
आपका साथी