Kanpur Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ फिर सक्रिय, पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार

Kanpur Weather Update पश्चिमी विक्षोभ कैस्पियन सागर से उठकर उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है। इससे सर्द हवाओं ने कानपुर समेत यूपी के मैदानी क्षेत्रों में ठंडक बढ़ा दी है। अब पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना बन रही है इससे सर्दी में तेजी से इजाफा हो जाएगा।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Sun, 22 Nov 2020 07:20 AM (IST) Updated:Sun, 22 Nov 2020 07:56 AM (IST)
Kanpur Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ फिर सक्रिय, पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार
कानपुर क्षेत्र में सर्द हवाओं से ठंड बढ़ने लगी है।

कानपुर, जेएनएन। कैस्पियन सागर से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होकर उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों की ओर पहुंचने की पूरी संभावना है। इसके असर से जम्मू कश्मीर, गिलगिट, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में बारिश और हिमपात के आसार बन रहे हैं। पश्चिमी विक्षोभ का असर मैदानी क्षेत्रों पर भी रहेगा। शुष्क हवा सर्दी को बढ़ाएगी, जबकि हल्की बारिश की संभावना भी बन रही है। मौजूदा समय में कानपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में बीते दो दिनों से सर्द हवाओं ने मौसम काे बदल दिया है और ठंड का अहसास होने लगा है।

दूसरी ओर अरब सागर और बंगाल की खाड़ी पर बना क्षेत्रीय चक्रवात अब शांत हो गया है। नमी लिए पूर्वी हवा भी कमजोर पड़ गई है। कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, उन्नाव, कानपुर देहात, औरैया, इटावा आदि जनपदों में 22 से 25 के बीच बूंदाबांदी हो सकती है। आसमान में बदली छाई रहेगी, जबकि दोपहर को धूप भी खिलेगी। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शुष्क हवा पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों पर आनी शुरू हो गई है। शनिवार की सुबह और शाम को हवा की रफ्तार कुछ तेज थी। बारिश के आसार बेहद कम हैं, अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार चढ़ाव शुरू हो गया है।

शनिवार को अधिकतम तापमान 24.0 और न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। शुक्रवार को हवा की रफ्तार जहां 2.1 किलोमीटर प्रति घंटे थी, वहीं शनिवार को 4.6 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चली। सुबह और शाम के समय धुंध बढ़ जाएगी। वातावरण में वायु प्रदूषण के घनत्व में इजाफा होगा।

chat bot
आपका साथी